पंजाब के मोहाली जिले के गांव हमायूंपुर में रहने वाले एक टिप्पर चालक की किस्मत ऐसी चमकी कि रातोंरात उसकी जिंदगी बदल गई। बलजिंदर सिंह ने 500 रुपये का दिवाली बंपर लॉटरी टिकट खरीदा था, जिस पर उन्हें 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम मिला है। करोड़ों रुपये की लॉटरी निकलने की खबर मिलते ही बलजिंदर सिंह और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले बलजिंदर सिंह के लिए यह इनाम किसी सपने के सच होने से कम नहीं है।
15 साल से आजमा रहे थे किस्मत
जानकारी के मुताबिक, बलजिंदर सिंह किसान परिवार से संबंध रखते हैं और टिप्पर चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। वह पिछले करीब 15 साल से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे। इस बार भी उन्होंने दिवाली से पहले हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशू गर्ग से दिवाली बंपर का टिकट खरीदा था। उन्हें उम्मीद थी कि कभी न कभी उनकी किस्मत जरूर चमकेगी, लेकिन इस बार उन्हें इतनी बड़ी रकम हाथ लगेगी, इसका अंदाजा शायद ही था।