गजराज न साथी की मौत भूले, न पुराना गलियारा:रेलवे ट्रैक के पास लगातार आ रहा हाथियों का झुंड, रेलवे चिंतित – Even After The Death Of The Elephant The Movement Of Elephants Did Not Stop In Haldi
28 अक्तूबर की वह रात हल्दी के लोगों को अब भी याद है। ट्रेन की चपेट में आकर एक हाथी की मौत हो गई थी। इस हादसे के 19 दिन बाद भी हाथियों का रेलवे ट्रैक पार करना जारी है। हल्दी से टांडा जंगल और गूलरभोज तक हाथियों के झुंड लगातार पटरी के आसपास देखे जा रहे हैं। हाथियों की इस आवाजाही से रेलवे और वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
रेलवे ने हाथियों की सुरक्षा के लिए वन विभाग से गश्त बढ़ाने का अनुरोध किया है। दोनों विभागों के बीच समन्वय बनाया गया है। ट्रैक के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है ताकि हाथियों के दिखाई देने पर ट्रेनों को अलर्ट कर उनकी गति नियंत्रित की जा सके।
सदियों पुराना कॉरिडोर, पीढ़ियों से इसी रास्ते से आवाजाही
वनकर्मियों के मुताबिक यह हाथियों का पुराना कॉरिडोर है। पीढ़ियों से हाथियों के झुंड पानी और चारे की तलाश में इसी रास्ते से जंगल के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाते रहे हैं। यही वजह है कि हादसे के बावजूद हाथियों की आवाजाही पर रोक नहीं लगी है। रेलवे ट्रैक पर उनकी लगातार मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से चुनौती बनी हुई है।
शाम ढलते ही बढ़ जाता है खतरा
दिन की अपेक्षा शाम ढलने के बाद हाथियों की आवाजाही बढ़ जाती है। झुंड में छोटे बच्चे भी शामिल होते हैं। ऐसे में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। ट्रैक के आसपास बसे गांवों के लोग भी हाथियों की आवाजाही को लेकर सतर्क हैं।
कब-कब हुए हादसे
18 मार्च 2018: लालकुआं-किच्छा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की टक्कर से हाथी की मौत।
18 अगस्त 2021: पीपलपड़ाव रेंज में ट्रेन से टकराकर हथिनी और उसके बच्चे की मौत।
20 फरवरी 2022: लालकुआं में मालगाड़ी की चपेट में आकर हाथी की मौत।
24 दिसंबर 2022: टांडा जंगल में ट्रेन से टकराकर घायल दो वर्षीय हाथी की मौत।
4 दिसंबर 2023: टांडा रेंज में ट्रेन से टकराकर मादा हाथी की मौत।
21 दिसंबर 2023: तराई पश्चिम वन प्रभाग के आमपोखरा रेंज में ट्रेन की चपेट में आकर हाथी की मौत।
16 अप्रैल 2025: लालकुआं में मुक्तिधाम के पास ट्रेन से टकराकर हाथी की मौत।
28 अक्तूबर 2026: पंतनगर में हल्दी के पास ट्रेन की चपेट में आकर हाथी की मौत।
हाथियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। वन विभाग से लगातार समन्वय किया जा रहा है। हाथियों के मूवमेंट की सूचना मिलते ही ट्रेनों की गति नियंत्रित की जा रही है। -सफदर हुसैन, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल
यह हाथियों का पुराना कॉरिडोर है। हमारी टीमें रेलवे ट्रैक के पास लगातार गश्त कर रही हैं। हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है। -यूसी तिवारी, डीएफओ, तराई केंद्रीय वन प्रभाग
