Uttarkashi News:रामलीला मैदान में रहेगी मंगसीर बग्वाल की धूम – A Shop Caught Fire Late At Night In Sulidhang Market
बाल और बेटी बग्वाल होंगी खास, छह से होगा तीन दिवसीय आयोजन
उत्तरकाशी। मंगसीर बग्वाल की तैयारियों को लेकर अनघा फाउंडेशन की बैठक नगर पालिका सभागार में आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष छह से आठ दिसंबर को रामलीला मैदान में मंगसीर बग्वाल को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। तीन दिवसीय आयोजन में पहले दिन बाल बग्वाल, दूसरे दिन बेटी बग्वाल और तीसरे दिन सामूहिक बग्वाल आयोजित की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पिछली बग्वाल के आयोजन की समीक्षा की गई। साथ ही इस वर्ष कार्यक्रम को और भव्य एवं आकर्षक बनाने पर चर्चा हुई। इस दौरान पिछली कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष उत्तम सिंह गुसाईं ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया।
फाउंडेशन के संयोजक महंत अजय पुरी ने बताया कि मंगसीर बग्वाल का ऐतिहासिक और पारंपरिक महत्व है। यह पर्व कार्तिक दीपावली के ठीक एक माह बाद मनाया जाता है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान स्कूली बच्चों के लिए गढ़ चित्रण, गढ़ भाषण, गढ़ फैशन शो, जलेबी दौड़, राजी गढ़ औखाण और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस बार बाल ढोल प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये की नकद धनराशि दी जाएगी। इस मौके पर अनघा फाउंडेशन के संयोजक अजय पुरी, अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल, कन्हैया सेमवाल, प्रताप सिंह बिष्ट, सभासद अमेरिकन पुरी, आदित्य चौहान, सुषमा डंगवाल, डॉ. अंजू सेमवाल, कृष्णा बिजल्वाण, अर्नव नौटियाल, अंकित ममगाईं, सुरेंद्र गंगाड़ी आदि मौजूद रहे।
