चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर चल रहे वायुसेना के नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास के तहत मंगलवार को पैरा कमांडो के 23 जवानों ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की। वायुसेना के मल्टीपरपज विमान एएन-32 से करीब आठ हजार मीटर की ऊंचाई से जवानों ने पैराशूट के जरिये रनवे पर लैंडिंग की।
चीन सीमा के नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डा सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां 12 नवंबर से वायुसेना का अभ्यास चल रहा है, जो 21 नवंबर तक जारी रहेगा। अभ्यास के तहत सैन्य अभियानों और आपातकालीन परिस्थितियों में परिचालन तैयारियों को परखा जा रहा है।
अभ्यास के सफल संचालन के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से भी मांगा था सहयोग
पैरा कमांडो की लैंडिंग के लिए वायुसेना के अधिकारी तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे थे। शनिवार को बरेली एयरबेस से वायुसेना के अधिकारी एएलएच हेलिकॉप्टर से चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पहुंचे थे। उन्होंने अभ्यास से जुड़ी व्यवस्थाओं और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया था।
अभ्यास के सफल संचालन के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा था। इसमें अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं, संबंधित अधिकारियों की उपलब्धता और अधिकारियों व जवानों के ठहरने की व्यवस्था शामिल थी।
ये भी पढे़ं…उत्तराखंड में बड़ा हादसा: टिहरी गढ़वाल के गूलर में पुल से गिरी बस, नौ की मौत, 26 घायलों में कुछ की हालत गंभीर
वायुसेना के आगरा और बरेली एयरबेस से विमानों के संचालन की योजना भी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि सेना और वायुसेना समय-समय पर नियमित अभ्यास करती रहती हैं।