मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शामली

Shamli News:रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, 200 मीटर दूर पड़ा था सिर – Body Of A Young Man Found On Railway Tracks; His Head Lay 200 Meters Away

November 17, 2026


थानाभवन/जलालाबाद। थानाभवन और जलालाबाद रेलवे स्टेशन के बीच रविवार देर रात रेलवे ट्रैक पर युवक का सिर कटा शव मिला। उसका सिर धड़ से अलग होकर करीब 200 मीटर दूर पड़ा मिला। युवक की पहचान मोहल्ला सैय्यदान, हत्ता कॉलोनी निवासी आसिफ (25) पुत्र नसीम के रूप में हुई है। पुलिस हत्या या फिर आत्महत्या की जांच में जुटी है।

रविवार देर रात रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर थानाभवन कस्बा इंचार्ज विनोद राघव, जलालाबाद चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। मौके पर केवल धड़ था। पुलिस ने खोजबीन की तो करीब 200 मीटर दूर सिर और एक टोपी मिली। मौके से एसबीआई का टूटा हुआ एटीएम कार्ड भी बरामद हुआ था, जिस पर आसिफ नाम लिखा था। इसी आधार पर मृतक की पहचान हुई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मौके पर पहुंचे पिता नसीम ने बताया कि आसिफ हैदराबाद में वेल्डिंग का काम करता था और तीन दिन पहले ही घर लौटा था। आसिफ अविवाहित था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में माता-पिता और एक बहन है। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या अथवा हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

मामी से विवाद के कारण तो नहीं की आत्महत्या

पिता नसीम ने बताया कि आसिफ का मामी से रविवार को दिन में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आशंका है कि मामी से विवाद के कारण उसने आत्महत्या कर ली हो। उन्होंने किसी से रंजिश से इन्कार किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X