Saharanpur News:मुबीन को पैर में लगी थी गोली, चिकित्सकों ने आपरेशन कर निकाली – Mubeen Sustained A Gunshot Wound To His Leg; Doctors Removed The Bullet Through Surgery
छुटमलपुर। दो दिन पहले संगम ढाबे पर हुए झगड़े में घायल गंदेवड़ा निवासी मुबीन को हमलावरों ने गोली भी मारी थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती मुबीन के ऑपरेशन के दौरान पैर में अंदर धंसी गोली चिकित्सकों ने निकाल दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद हमलावरों पर संबंधित धारा बढ़ाई जाएगी।
बता दें कि गत बृहस्पतिवार को छुटमलपुर की हरिजन कॉलोनी में डीजे बजाने को लेकर गंदेवड़ा के मुबीन और रहमान के बीच मारपीट हो गई थी। इस मामले में समझौते के लिए शनिवार को दोनों पक्षों के लोग नानका में संगम ढाबे पर पहुंचे थे। आरोप है कि यहां रहमान, कय्यूम उर्फ लांडा, मुकीम, महताब, अर्चित और मेहरबान ने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद फायरिंग भी की थी। इसमें एक गोली मुबीन के पैर में लगने की बात कही गई थी। हालांकि पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही थी। सीओ सदर पवन कुमार ने किसी नुकीली वस्तु के पैर में चुभने का बयान जारी किया था। पीड़ित ने भी जारी वीडियो में तो गोली लगने की बात कही थी लेकिन उसके भाई दानिश ने फतेहपुर थाने पर दर्ज कराई प्राथमिकी में फायरिंग का जिक्र नहीं किया था।
घायल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया गया था। वहां सोमवार को उसके पैर का ऑपरेशन किया गया। मामले की जांच कर रहे एसआई सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में गोली की पुष्टि नहीं हो रही थी। ऑपरेशन में पैर में लगी गोली निकली है। ऐसे में अब मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद दर्ज प्राथमिकी में जानलेवा हमले की धारा बढ़ाई जाएगी।
