बिहार:जहानाबाद को मिलेगी आधुनिक बाजार समिति की सौगात, 40 करोड़ से बने भवनों का पीएम करेंगे उद्घाटन – Jehanabad Market Committee Buildings Worth 40 Crore Pm Inauguration Today Bihar News
बिहार के जहानाबाद शहर के राजाबाजार स्थित बाजार समिति परिसर में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भवनों और विभिन्न दुकानों का उद्घाटन प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बताया गया कि बाजार समिति परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, प्याज एवं आलू बाजार, फल बाजार, खुदरा बाजार और पशुधन क्षेत्र सहित विभिन्न संरचनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है।
पढ़ें: श्रमजीवी एक्सप्रेस में अगले सात दिन तक कन्फर्म टिकट नहीं, कितनी है वेटिंग?
डीएम ने प्रशासनिक भवन के शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने और उद्घाटन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को बाजार समिति परिसर, आंतरिक सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने के साथ कचरे का उचित उठाव सुनिश्चित करने को कहा।
बाजार समिति परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए डीएम ने पुलिस अधीक्षक को थाना आउटपोस्ट (टीओपी) स्थापित करने का निर्देश दिया। इससे व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही नवनिर्मित भवनों और दुकानों के रखरखाव एवं व्यवस्थित संचालन पर जोर दिया। आधुनिक सुविधाओं से विकसित बाजार समिति से जिले की व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
