सर्वाइकल कैंसर वैश्विक स्तर पर महिलाओं में बढ़ती गंभीर बीमारी है, ये हर साल लाखों महिलाओं की मौत का कारण बनती है। दुनियाभर में इस समस्या से करीब साढ़े तीन लाख लोगों की जान चली जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सर्वाइकल कैंसर को लेकर अच्छी बात ये है कि इस कैंसर से समय रहते बचाव और शुरुआती पहचान संभव है। इसके बावजूद कई महिलाएं तब तक जांच नहीं करातीं, जब तक कोई परेशानी महसूस न हो।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दुनियाभर में महिलाओं में समय रहते एचपीवी वैक्सीन लगवाने पर जोर दिया जा रहा है। अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने बताया कि शादी से पहले महिलाएं अगर ये टीका लगवा लेती हैं तो इससे कैंसर के गंभीर जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है।
वैक्सीनेशन के अलावा नियमित रूप से कैंसर की स्क्रीनिंग भी बहुत जरूरी है। सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती चरण में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में पैप स्मीयर और एचपीवी टेस्ट जैसी स्क्रीनिंग इसके खतरे को समय रहते पहचानने में मददगार हो सकती है।
आइए जानते हैं कि इन टेस्ट से क्या पता चलता है?
2 of 4
कैंसर का पता लगाने के लिए टेस्ट
– फोटो : Adobe Stock Images
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, पैप स्मीयर और एचपीवी टेस्ट को अक्सर लोग एक ही समझ लेते हैं।
एचपीवी टेस्ट शरीर में वायरस की मौजूदगी का पता लगाता है, जबकि पैप स्मीयर टेस्ट सर्विक्स की कोशिकाओं में हुए असामान्य बदलाव के बारे में बताता है। तो किस महिला को कौन-सी जांच करानी चाहिए और इन्हें टालना कितना नुकसानदेह हो सकता है? आइए समझते हैं।
पहले पैप स्मीयर टेस्ट के बारे में जानिए
पैप स्मीयर या पैप टेस्ट में सर्विक्स से कुछ कोशिकाओं का सैंपल लिया जाता है। सर्विक्स गर्भाशय का निचला हिस्सा होता है, जो योनि से जुड़ा रहता है। इस जांच में देखा जाता है कि कोशिकाओं में कोई असामान्य बदलाव तो नहीं हो रहा? ऐसे बदलाव आगे चलकर कैंसर से पहले की स्थिति यानी प्रीकैंसरस बदलाव का कारण बन सकते हैं। समय रहते इनकी पहचान हो जाए तो इलाज करके कैंसर बनने से रोका जा सकता है।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, 21 से 65 वर्ष की आयु की सभी महिलाओं को नियमित रूप से पैप स्मीयर टेस्ट करवाना चाहिए।
- इसके अलावा जिन लोगों को पहले से कैंसर की फैमिली हिस्ट्री रही है या सर्वाइकल कैंसर के दूसरे जोखिम रहे हैं उन्हें डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
3 of 4
सर्वाइकल कैंसर का खतरा
– फोटो : Freepik.com
अब एचपीवी टेस्ट के बारे में जानिए
एचपीवी टेस्ट में सर्विक्स में हाई-रिस्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) की मौजूदगी जांची जाती है। एचपीवी के कुछ प्रकार लंबे समय तक संक्रमण बनाए रखें तो सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। यह वायरस मुख्य रूप से यौन संपर्क के माध्यम से फैलता है और महिलाओं में सर्वाइकल के कैंसर का मुख्य कारण हो सकता है।
- एचपीवी से बचाव को लेकर भी महिलाओं को समय रहते टीका लगवाने की सलाह दी जाती है। वैक्सीन वायरस को बढ़ने से रोकने और कैंसर बनने से रोकने में मदद करती है।
4 of 4
सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग जरूरी
– फोटो : Freepik.com
ये जांच क्यों जरूरी हैं?
सर्वाइकल कैंसर की शुरुआत में अक्सर लक्षण नहीं दिखते। स्क्रीनिंग से ऐसे बदलावों का पता बीमारी के गंभीर होने से पहले लगाया जा सकता है। एचपीवी टेस्ट पॉजिटिव आने का मतलब यह नहीं कि आपको कैंसर है ही। इससे हाई-रिस्क एचपीवी का पता चलता है और डॉक्टर की सलाह के अनुसार आगे की जांच या निगरानी जरूरी हो जाती है।
इसी तरह पैप टेस्ट में असामान्य कोशिकाएं मिलने का मतलब भी कैंसर की पुष्टि नहीं है। कई बार मामूली बदलाव अपने आप ठीक हो सकते हैं, जबकि कुछ मामलों में आगे के खतरों को जानने के लिए कोलपोस्कोपी या बायोप्सी जैसी जांच की जरूरत पड़ सकती है।
- समय रहते कैंसर की स्क्रीनिंग आपमें गंभीर खतरों का पहले से पता लगाने में मदद करती है। इलाज के जरिए आप अपने जोखिमों को कम कर सकती हैं।
————–
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।