Sirmour News:मेडिकल कॉलेज नाहन में क्षयरोग विभाग और प्रयोगशाला का किया मूल्यांकन – Special Team Visit In Nahan Medical College
-राष्ट्रीय क्षय एवं श्वसन रोग संस्थान, नई दिल्ली और राज्य की टीम ने किया निरीक्षण
-टीबी उन्मूलन की तैयारियों और अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाएं भी जांची
-चार दिवसीय ऑन-साइट मूल्यांकन के तहत सिरमौर, सोलन और शिमला जिलों का हो रहा दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में क्षय रोग (टीबी) की रोकथाम, जांच और उपचार व्यवस्था की गुणवत्ता परखने के लिए केंद्रीय और राज्य स्तरीय विशेषज्ञों की टीम चार दिवसीय दौरे पर है। इस दौरान टीम सिरमौर, सोलन और शिमला जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों का मौके पर निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को टीम ने डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में टीबी विभाग और प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने टीबी मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, जांच प्रक्रिया और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। टीम ने प्रयोगशाला में सैंपल लेने की विधि, रजिस्टरों के रखरखाव और मशीनों में सैंपल लगाने की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। इस दौरान रजिस्टरों के रखरखाव में कुछ खामियां पाई गईं। टीम ने इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, भवन की कमी को लेकर भी टीम ने असंतोष जताया। हालांकि, मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही उपचार और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक पाया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के बाद टीम ने सिविल अस्पताल सराहां में भी स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इससे पहले टीम राज्य क्षय प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र धर्मपुर (सोलन) का दौरा कर चुकी है। बुधवार को टीम शिमला जिले के स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करेगी। चार दिवसीय इस ऑन-साइट मूल्यांकन का उद्देश्य टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की तैयारियों, प्रयोगशालाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का आकलन करना है।
मूल्यांकन टीम में राज्य क्षय प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र धर्मपुर (सोलन) की निदेशक डॉ. मोनिषा अग्रवाल, राष्ट्रीय क्षय एवं श्वसन रोग संस्थान नई दिल्ली के कंसल्टेंट माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. गविश कुमार और वरिष्ठ लैब तकनीशियन बृजेश कुमार शामिल रहे। इनके अलावा डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट एवं भारत सरकार के स्टेट लीड, हिमाचल प्रदेश डॉ. निशांत सोनी और इंटरमीडिएट रेफरेंस लेबोरेटरी धर्मपुर (सोलन) की बाह्य गुणवत्ता मूल्यांकन माइक्रोबायोलॉजिस्ट शिप्रा शर्मा भी टीम का हिस्सा रहीं।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अभिलाष और चिकित्सा अधिकारी (विशेषज्ञ) डॉ. शिफा खान ने टीम को स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं और जांच प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम संचालन में कर्मचारी सुनील, संजीव, मयंक और रमेश ने भी सहयोग किया।
मेडिकल कॉलेज नाहन के संयुक्त निदेशक कपिल तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय एवं श्वसन रोग संस्थान नई दिल्ली और राज्य की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया है। इस दौरान प्रयोगशाला, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन का उद्देश्य टीबी प्रयोगशाला की गुणवत्ता परखने के साथ मरीजों के उपचार और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।
