मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:नाबालिग छात्राओं की मौत मामले में दो युवकों पर एफआईआर दर्ज – Fir Registered Against Two Youths In Connection With The Death Of Minor Female Students

November 17, 2026


शिकायत पर बरमाणा थाने में केस दर्ज, अपहरण व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही जांच

संवाद न्यूज एजेंसी

घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं पुल से सीर खड्ड में छलांग लगाने से दो नाबालिग छात्राओं की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक छात्राओं में से एक के परिजनों ने दो युवकों पर बेटी का अपहरण करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरमाणा में दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, रविवार शाम घुमारवीं स्थित सीर खड्ड पुल से दो नाबालिग छात्राओं ने खड्ड में छलांग लगा दी थी। दोनों की उम्र करीब 14 और 15 वर्ष बताई जा रही है।

दोनों दसवीं कक्षा की छात्राएं थीं। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रविवार शाम दोनों छात्राओं के सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और खड्ड में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्राओं के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से ही पुलिस छात्राओं के पुल तक पहुंचने और उनकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई थी। इसी बीच एक छात्रा के परिजनों की ओर से दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाए जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिकायत में युवकों पर अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, युवकों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

कोट

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरमाणा में मामला दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

-अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X