Bilaspur News:बिना सलाह एंटीबायोटिक लेना पड़ सकता है भारी, बढ़ रहा दवा प्रतिरोध का खतरा – Taking Antibiotics Without Medical Advice Can Prove Costly; The Risk Of Drug Resistance Is On The Rise
राज्यस्तरीय विश्व फार्मासिस्ट दिवस समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया आगाह
कार्यक्रम में प्रदेश के 36 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन और निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले उपचार छोड़ना भविष्य में स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। दवाओं के गलत इस्तेमाल से शरीर में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी दवा प्रतिरोध की स्थिति पैदा होती है। इससे बैक्टीरिया पर दवाओं का असर कम होने लगता है और सामान्य संक्रमण का उपचार करना भी मुश्किल हो सकता है। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने सोमवार को बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर स्थित बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह समारोह-2026 में कही।
मंत्री ने कहा कि लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना जरूरी है। स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। डॉक्टर की ओर से दवा लिखने के बाद मरीज को उसकी सही खुराक, सेवन का समय और जरूरी सावधानियां समझाने की जिम्मेदारी भी फार्मासिस्ट की होती है। वे दवाएं उपलब्ध करवाने के साथ मरीजों को सुरक्षित दवा सेवन के लिए परामर्श भी देते हैं। उन्होंने बिना चिकित्सीय सलाह के पेनकिलर, नींद की गोलियों और अन्य दवाओं के सेवन पर चिंता जताई। कहा कि कुछ लोग इनका इस्तेमाल नशे के लिए करते हैं, जिसका सबसे अधिक खतरा युवा पीढ़ी को है। इस समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, औषधि नियंत्रण प्रशासन, पुलिस और समाज को मिलकर काम करना होगा।
राजेश धर्माणी ने नकली और अमानक दवाओं के निर्माण एवं बिक्री पर चिंता जताते हुए कहा कि दवा निर्माण इकाइयों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। बद्दी-नालागढ़ जैसे प्रमुख फार्मा औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन इकाइयों पर प्रभावी निगरानी रखी जानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के जागरूकता पोस्टरों को अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों और दवा बिक्री केंद्रों में प्रदर्शित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से दवा सुरक्षा का संदेश पहुंचाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, प्रदेश संयोजक गोपाल कृष्ण शर्मा, सह-संयोजक संजीव पंडित और डॉ. कमलेश नायक, डॉ. विनय पंडित, हेमंत शर्मा, राजेश कुमार और सुरेंद्र नड्डा सहित फार्मेसी क्षेत्र के पदाधिकारी, विशेषज्ञ, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
36 फार्मेसी कॉलेजों के 1400 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया और हिमाचल प्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह की थीम स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध का मुकाबला रखी गई थी। इसमें प्रदेशभर से करीब 1400 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रदेश के सभी 36 फार्मेसी कॉलेजों में सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें चयनित प्रतिभागियों ने राज्यस्तरीय मंच पर प्रतिभा दिखाई। मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देते हैं।
