Shravasti News:बकाया 22 माह का मानदेय दिलवाया जाए – Ensure Payment Of The Outstanding 22 Months’ Honorarium
श्रावस्ती। साक्षर भारत योजना के तहत भर्ती हुए शिक्षा प्रेरकों ने मंगलवार को विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय को मांगपत्र देकर आठ साल से बकाया 22 माह का मानदेय दिलवाने की मांग की। प्रेरकों ने शासन द्वारा बजट आवंटित होने के बाद भी विभागीय जिम्मेदारों की उदासीनता से मानदेय अटकने का आरोप लगाया और आंदोलन की भी चेतावनी दी।
ज्ञापन देने पहुंचे प्रेरकों ने बताया कि राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण उत्तर प्रदेश ने बकाया मानदेय भुगतान के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इन आदेशों के तहत जनपद श्रावस्ती को दो करोड़ सैंतीस हजार आठ सौ उनसठ रुपये का बजट भी प्राप्त हो चुका है। धनराशि आवंटित होने के बावजूद जनपद स्तर पर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण सैकड़ों शिक्षा प्रेरक परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्हें भरण-पोषण और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाई हो रही है।
प्रेरकों ने विधायक से अभिभावक के रूप में सार्थक पहल करने का विश्वास जताया है। साथ ही बीएसए से बात कर प्रशासनिक बाधाएं दूर करने की भी मांग की। इस दौरान परमानंद पांडेय, दिनेश मौर्य, सत्यराम, शिवकुमार विश्वकर्मा, अब्दुल हसन, देव शंकर, मालती देवी, दीना नाथ, अवधेश तिवारी, रमेश, महीप मौर्या, रंजना कुमारी, मयाराम, राम पाल चौधरी, सुरेखा वर्मा, सुनीता वर्मा, रीमा देवी, सुनीता देवी आदि मौजूद रहीं।
