पैसे नहीं हैं तो क्या हुआ? टूटे बाल देकर महिलाएं घर ला रहीं नए बर्तन, गांव का अनोखा बार्टर सिस्टम हुआ वायरल!
Last Updated:
राजस्थान समेत देश के कई गांवों में महिलाएं कंघी से निकले टूटे बालों के बदले स्टील के बर्तन और जरूरत का सामान खरीदती हैं. यूट्यूबर नीतू बिष्ट का यह अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आखिर क्या है बालों के बदले सामान लेने का यह पुराना बार्टर सिस्टम?
बालों के बदले बर्तन(फोटो: Youtube-@Neetu Bisht)
आज के समय में घर का कोई सामान खरीदना हो तो लोग सीधे बाजार जाते हैं और पैसे देकर अपनी पसंद की चीज ले आते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर में कंघी करते समय निकलने वाले टूटे बालों से भी नए बर्तन खरीदे जा सकते हैं? सुनने में यह बात थोड़ी अजीब जरूर लग सकती है, लेकिन राजस्थान समेत देश के कई गांवों में आज भी ऐसा होता है. यहां महिलाएं अपने टूटे हुए बालों को इकट्ठा करती हैं और बदले में घर के इस्तेमाल के लिए बर्तन या दूसरी जरूरी चीजें ले आती हैं. सोशल मीडिया पर इसी अनोखे तरीके का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और अपने पुराने अनुभव भी शेयर कर रहे हैं. इस वीडियो को यूट्यूबर नीतू बिष्ट(Neetu Bisht) ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. वीडियो में वह गांव की महिलाओं के इस अनोखे लेन-देन को देखकर खुद भी हैरान रह जाती हैं. अब तक इस वीडियो को 37 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. नीतू ने इसे एक अनोखा ‘बार्टर सिस्टम’ यानी बिना पैसे दिए सामान की अदला-बदली करने का तरीका बताया है.
वीडियो में एक बुजुर्ग महिला अपने घर में कंघी से निकले टूटे बालों को इकट्ठा करके रखती नजर आती हैं. जब फेरीवाला गांव में सामान बेचने पहुंचता है, तो महिला उसे अपने जमा किए हुए बाल दे देती हैं. इसके बाद फेरीवाला उन बालों को तराजू पर तौलता है. वजन के हिसाब से बालों की कीमत 60 रुपये तय होती है. महिला इस रकम के बदले अपने घर के लिए एक चमचमाता स्टील का बर्तन चुन लेती हैं. यह पूरा तरीका देखकर नीतू बिष्ट भी हैरान रह जाती हैं. वह मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि अगर बाल बेचकर इतने अच्छे बर्तन मिल सकते हैं, तो वह भी अपने बाल बेचकर घर के लिए सारे बर्तन खरीद लेंगी. हालांकि, फेरीवाला उन्हें बताता है कि हर तरह के बालों की मांग नहीं होती. खासतौर पर महिलाओं के लंबे बाल खरीदे जाते हैं, क्योंकि इनका इस्तेमाल आगे चलकर विग यानी नकली बाल बनाने में किया जाता है.
राजस्थान ही नहीं, यूपी में भी पुराना है बालों के बदले बर्तन लेने का चलन
नीतू बिष्ट के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने बताया कि उनके गांवों में भी यह तरीका लंबे समय से चला आ रहा है. कुछ यूजर्स के मुताबिक, यह कोई नया या अजीब रिवाज नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में चलने वाला एक पुराना कारोबार है. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि राजस्थान में कई परिवार सालों से इस काम से जुड़े हुए हैं. उनके मुताबिक, कुछ परिवार इस कारोबार से हर महीने 6,000 से 7,000 रुपये तक कमा लेते हैं. यानी जिन बालों को लोग आमतौर पर बेकार समझकर फेंक देते हैं, वही किसी के लिए कमाई का जरिया भी बन सकते हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश एक यूजर ने बताया कि यह चलन सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं है. यूपी के गांवों में भी महिलाएं टूटे बालों के बदले बर्तन लेती हैं. उन्होंने अपने अनुभव के बारे में बताते हुए लिखा कि उनकी मां ने खुद अपने और उनके टूटे हुए बालों के बदले कई नए बर्तन खरीदे हैं. कहीं बालों के बदले मिलते हैं बर्तन, तो कहीं राशन का सामान. इस पुराने लेन-देन की एक और दिलचस्प बात भी एक यूजर ने बताई. उन्होंने कमेंट में लिखा कि उनके इलाके में बालों के बदले स्टील के बर्तन नहीं, बल्कि खाने-पीने का सामान भी दिया जाता है. मसलन, महिलाएं अपने बाल देकर जीरा जैसी जरूरत की चीजें ले सकती हैं. हालांकि, आपको बता दें कि, बिहार के भी कई ग्रामीण इलाकों में ये अनोखा बार्टर सिस्टम देखा जाता है.
आज भी गांवों में जिंदा है अदला-बदली का यह पुराना तरीका
शहरों में रहने वाले लोगों के लिए यह तरीका भले ही नया और हैरान करने वाला हो, लेकिन ग्रामीण इलाकों में यह लंबे समय से प्रचलित है. पहले के दौर में जब हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए बाजार जाना या नकद पैसे देना आसान नहीं था, तब सामान के बदले सामान लेने का चलन काफी आम था. इसे ही बार्टर सिस्टम कहा जाता है. आज डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में भी गांवों में इस तरह के पुराने तरीके देखने को मिल जाते हैं. इस वीडियो ने लोगों को न सिर्फ हैरान किया है, बल्कि कई लोगों को अपने बचपन और गांव से जुड़ी पुरानी यादें भी दिला दी हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर अपने-अपने इलाकों के ऐसे किस्से साझा कर रहे हैं.

मैं निशांत कुमार, News18 Hindi में पत्रकार हूं. फिलहाल मैं यहां ऑफबीट सेक्शन में हूं. मुझे विदेश (इंटरनेशनल) से जुड़ी खबरों में भी गहरी रुचि है. खबरों से संबंधित किसी भी जानकारी या संपर्क के लिए आप मुझे इस ईमेल…
और पढ़ें
