बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उत्तरकाशी

Uttarkashi News:चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट पर वायुसेना का अभ्यास, आठ हजार मीटर की ऊंचाई से 23 पैरा कमांडो ने लगाई छलांग – Air Force Exercise At Chinyalisaur Airport, 23 Para Commandos Jumped From A Height Of 8,000 Meters

November 18, 2026


चिन्यालीसौड़। चीन सीमा के नजदीक सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर मंगलवार को भारतीय वायुसेना ने बड़ा अभ्यास किया।

नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास के तहत वायुसेना के मल्टीपरपज विमान एएन-32 से आठ हजार मीटर की ऊंचाई से 23 पैरा कमांडो जवानों ने पैराशूट के जरिए छलांग लगाई और हवाई अड्डे के रनवे पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। इस अभ्यास के जरिए वायुसेना ने दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई संचालन और पैरा कमांडो की परिचालन तैयारियों का प्रदर्शन किया। 12 नवंबर से शुरू हुआ वायुसेना का यह अभ्यास 21 नवंबर तक प्रस्तावित है। अभ्यास के लिए वायुसेना के अधिकारी पिछले कई दिनों से चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर आवश्यक तैयारियों में जुटे थे।

मंगलवार को पैरा कमांडो की सफल लैंडिंग के साथ अभ्यास का महत्वपूर्ण चरण संपन्न हुआ। चीन सीमा से नजदीकी के चलते चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे का सामरिक महत्व काफी अधिक है। आपातकालीन परिस्थितियों, सैन्य अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान यह हवाई अड्डा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, ऐसे में वायुसेना के इस अभ्यास को पर्वतीय क्षेत्रों में सैन्य परिचालन क्षमता और आपातकालीन तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभ्यास के सफल संचालन के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग मांगा था। प्रशासन की ओर से भी आवश्यक समन्वय किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि सेना और वायुसेना समय-समय पर यहां नियमित अभ्यास करती रहती हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X