बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सनातन आगे बढ़ रहा… हिंदू समाज जाग रहा है :धीरेंद्र शास्त्री – Sanatan Is Moving Forward… Hindu Society Is Awakening: Dhirendra Shastri
गोंडा

सनातन आगे बढ़ रहा… हिंदू समाज जाग रहा है :धीरेंद्र शास्त्री – Sanatan Is Moving Forward… Hindu Society Is Awakening: Dhirendra Shastri

November 18, 2026


जयप्रभाग्राम। चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को संतों के मंच से सनातन और हिंदुत्व को लेकर बड़े और बेबाक बयान गूंजे। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सनातन आगे बढ़ रहा है और हिंदू समाज जाग रहा है। योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि राम विरोधी राष्ट्र विरोधी हैं। उन्होंने सनातन को एकता का दर्शन बताते हुए कहा कि यह एक था और एक रहेगा।

पद्म विभूषण से सम्मानित नानाजी देशमुख की कर्मभूमि पर नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के शुभारंभ पर देशभर के प्रमुख संत एक मंच पर जुटे। कथा के विरोध पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन और कथा का विरोध आदिकाल से होता आया है। पहले यज्ञ में दैत्य हड्डियां डालते थे, अब सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं। संत अपना काम कर रहे हैं और विरोध करने वाले अपना। उन्होंने चार, पांच और छह दिसंबर को गोंडा में आयोजित अन्य कथा में भी आने की बात कही।

श्रद्धालुओं से धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम अब फिर से आ रहे हैं। नौ दिनों तक रामकथा होगी। उन्होंने कहा कि देश का हिंदू जाग रहा है और सनातन नित नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ और ”हम सब हिंदू भाई-भाई” के नारे लगवाए। आपसी तनातनी खत्म कर सच्चा सनातनी बनने का आह्वान किया।

धीरेंद्र शास्त्री ने संतों को एक मंच पर देखकर प्रसन्नता जताई। उन्होंने आयोजक महंत आलोक दास की सराहना करते हुए कहा कि उम्र भले ही छोटी है, लेकिन उनके काम बड़े हैं। उनकी पहल से गोंडा में महाकुंभ जैसा माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि कल तक जो लोग संतों को केवल मांगने वाला समझते थे, अब वही संत समाज को देने वाले भी बन गए हैं।

राम, कृष्ण व शिव के आदर्शों से लें प्रेरणा : रामदेव

योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि राम विरोधी राष्ट्र विरोधी हैं। सनातन एक था और एक रहेगा। यह एकता का दर्शन है। उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचने और भगवान राम, कृष्ण व शिव के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। महंत आलोक दास के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन भी आयोजन का गौरव बढ़ाएगा।

हर ओर गूंजे श्रीराम के जयकारे

दोपहर करीब 1:19 बजे स्वामी रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया। आयोजक श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास ने संतों का स्वागत किया। महोत्सव में स्वामी चिदानंद मुनि महाराज, महंत ज्ञानदास, महंत राजूदास, बलराम दास और गिरीश दास महाराज आदि शामिल हुए। विधायक बावन सिंह और विनय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X