बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:साझासैंण और नाथूपुर में हाथियों की आवाजाही से दहशत – Panic Due To Elephant Movement In Sajhasain And Nathupur

November 18, 2026


दुगड्डा (कोटद्वार)। लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज के साझासैंण और नाथूपुर गांवों में हाथियों और गुलदारों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। मंगलवार को एक हाथी गांव में घुस आया। वनकर्मियों और ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर उसे आबादी से दूर करने का प्रयास किया। हाथी साझासैंण से नाथूपुर पहुंचा जहां ग्रामीणों की सतर्कता और सोलर फेंसिंग की मदद से उसे गांव की सीमा से बाहर किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले चार वर्षों से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। इनकी मौजूदगी से साझासैंण, नाथूपुर, बस्यूर ब्राह्मण, गुनी बस्यूर और बिलंगी गांवों में खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के कारण दुगड्डा बाजार तक अकेले आना-जाना भी जोखिम भरा हो गया है। वहीं गुलदारों की आवाजाही से भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बनी हुई है। दुगड्डा रेंज अधिकारी रमेश चंद्र सिंह नेगी ने बताया कि वन क्षेत्र में लैंटाना उन्मूलन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शाकाहारी वन्यजीवों के लिए चारागाह विकसित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने की योजना भी बनाई जा रही है।

बंदर और लंगूरों के उत्पात से लोग परेशान

सतपुली। नगर क्षेत्र में बंदरों और लंगूरों का उत्पात बढ़ने से स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में परेशानी है। उन्होंने डीएम पौड़ी को ज्ञापन भेजकर बंदरों और लंगूरों से निजात दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि बंदर और लंगूर आए दिन बच्चों और महिलाओं पर हमला कर रहे हैं। कॉन्वेंट स्कूल मोहल्ले में बंदर घरों के भीतर से सामान उठा ले जा रहे हैं। वहीं, राहगीरों के हाथों से सामान झपटने और विरोध करने पर हमला करने की घटनाएं भी हो रही हैं। घरों की छतों और आंगन में रखे सामान की रखवाली करना भी मुश्किल हो गया है। व्यापारी मदन पंवार, मनीष रौतेला, मुकेश बिष्ट, विक्रम सिंह रावत, सर्वेंद्र सिंह बिष्ट और तेजपाल सिंह ने डीएम से बंदरों और लंगूरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X