Balrampur News:बाल विज्ञान कांग्रेस में लालबोझी नवीन का दबदबा, दोनों वर्गों में रहा अव्वल – Lalbozhi Navin Dominates The Children’s Science Congress, Securing The Top Spot In Both Categories
बलरामपुर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय लालबोझी नवीन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित की। एक ही विद्यालय के विद्यार्थियों का दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करना विशेष उपलब्धि रही।
राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद तथा भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता बीएसए कार्यालय स्थित अकादमिक रिसोर्स सेंटर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले की कुल 11 टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें सीनियर वर्ग की तीन और जूनियर वर्ग की आठ टीमें शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिकों ने पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण, वर्षा जल संचयन, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर आधारित अपने मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। सीनियर वर्ग में कंपोजिट विद्यालय लालबोझी नवीन के पवन कुमार और श्रेष्ठा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में सुभान अली और अरबाज ने बाजी मारी। अब ये चारों बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद बलरामपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यार्थियों ने सहायक अध्यापक अभिमन्यु सिंह के मार्गदर्शन में अपने प्रोजेक्ट तैयार किए थे। विजेता प्रतिभागियों को बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव, डायट प्राचार्य प्रभास कुंवर श्रीवास्तव और जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। बच्चों ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से विज्ञान के प्रति अपनी रुचि और समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में त्रिपुरारी पूजन और आशीष वर्मा शामिल रहे। इस अवसर पर एसआरजी जिला समन्वयक नवीन कुमार सिंह, एसआरजी जिला सह-समन्वयक महमूदुल हक और एमएलके पीजी कॉलेज के डॉ. पीके सिंह मौजूद रहे।
