Budaun News:सोना-चांदी के दाम घटने से शोरूमों पर बढ़े खरीदार – Drop In Gold And Silver Prices Leads To An Increase In Shoppers At Showrooms
बदायूं। सोने-चांदी के दामों में गिरावट के बाद बाजार में खरीदारों की रौनक लौट आई है। लंबे समय से ऊंचे दामों के कारण खरीदारी टाल रहे लोग कीमतें कम होते ही शोरूमों का रुख करने लगे हैं। सराफा कारोबारियों के अनुसार, मंगलवार को सोना-चांदी अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे ग्राहकों में खासा उत्साह बना हुआ है।
शादी के सीजन की शुरुआत के बीच आई इस गिरावट ने आम खरीदारों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। मंगलवार को बाजार में सोना अपने एक साल से अधिक के निचले स्तर के करीब कारोबार करता दिखा। सराफा कारोबारी प्रमुख वैश्य ने बताया कि सोने-चांदी की गिरती हुई कीमतों के कारण शोरूम पर निवेशकों से लेकर आम ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं, शादी के सीजन में सोने-चांदी पर दाम गिरना ग्राहकों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रहा है।
सराफा कारोबारी कमल किशोर गुप्ता ने बताया कि शादी के लिए जेवरों की खरीदारी के प्लान बनाने वाले ग्राहक अब बिना देरी के गहने खरीदने पहुंच रहे हैं। सराफा कारोबारियों ने बताया कि कई ग्राहक निवेश करने के इरादे से सोना खरीद रहे हैं, वे बिस्किट और सिक्के आदि खरीद रहे हैं। कीमतें कम होने से गहनों, सिक्कों और चांदी के बर्तनों की मांग अचानक बढ़ी है। जो ग्राहक महीनों से इंतजार कर रहे थे, वे अब एडवांस बुकिंग और खरीदारी कर रहे हैं। सराफा बाजार में पर सुबह से ही भीड़ देखी जा रही है।
पिछले पांच दिन का भाव
तारीख सोना प्रति दस ग्राम चांदी प्रति किलो
13 नवंबर 1,43,100 1,88,000
14 नवंबर 1,41,800 1,84,000
15 नवंबर 1,41,000 1,82,000
16 नवंबर 1,41,000 1,82,000
17 नवंबर 1,39,900 1,75,000
