अमेरिका:नौकरी के आधार पर ग्रीन कार्ड पाना होगा कठिन, भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी; किन पर पड़ेगा असर? – Us Proposes Tougher Rules For Employment-based Green Cards, Hiring Process Longer
अमेरिका में रोजगार के आधार पर ग्रीन कार्ड पाने की प्रक्रिया अब लंबी और सख्त हो सकती है। अमेरिकी श्रम विभाग ने विदेशी कर्मचारियों को नौकरी पर रखने से पहले अमेरिकी नागरिकों को प्राथमिकता देने के लिए नए नियमों का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत कंपनियों को भर्ती प्रक्रिया में बदलाव करना होगा और नौकरी के विज्ञापन की न्यूनतम अवधि 30 दिन से बढ़ाकर 90 कैलेंडर दिन करनी होगी।
श्रम विभाग ने मंगलवार को PERM (प्रोग्राम इलेक्ट्रॉनिक रिव्यू मैनेजमेंट) प्रक्रिया के तहत श्रम बाजार की जांच से जुड़े नियमों को आधुनिक बनाने का प्रस्ताव दिया। करीब 20 साल बाद इन नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी है।
कंपनियां विदेशी कर्मचारियों के हिसाब से नहीं बना सकेंगी नौकरी
प्रस्ताव के मुताबिक, कंपनियां किसी विदेशी कर्मचारी को ध्यान में रखकर नौकरी की शर्तें तय नहीं कर सकेंगी। भर्ती के दौरान सभी उम्मीदवारों को समान अवसर देना होगा। इसके लिए कंपनियों को नौकरी के विज्ञापन के लिए एक जैसे माध्यम और तरीके अपनाने होंगे। पारंपरिक प्रिंट विज्ञापनों की जगह अब कंपनियों की वेबसाइट, ऑनलाइन जॉब पोर्टल, सोशल मीडिया, जॉब फेयर और कॉलेज कैंपस में भर्ती जैसे माध्यमों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
नर्स और फिजिकल थेरेपिस्ट की भर्ती पर भी लागू होंगे नियम
नए प्रस्ताव के तहत फिजिकल थेरेपिस्ट, नर्स और विज्ञान या कला के क्षेत्र में असाधारण योग्यता वाले पदों के लिए भी कंपनियों को योग्य अमेरिकी उम्मीदवारों पर विचार करना होगा। पहले कुछ खास व्यवसायों में कंपनियों को श्रम बाजार की जांच से छूट मिल सकती थी। इस प्रशासनिक छूट को खत्म करने का प्रस्ताव है। अमेरिकी श्रम मंत्री कीथ सोंडरलिंग ने कहा कि नए नियमों से उच्च कौशल और अच्छी तनख्वाह वाली नौकरियों में अमेरिकी कर्मचारियों को विदेशी श्रमिकों से पहले अवसर मिलेगा।
नौकरी से निकाले गए अमेरिकी कर्मचारियों को भी प्राथमिकता
प्रस्ताव में उन अमेरिकी कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है, जिन्हें नौकरी से निकाला गया है। कंपनियों को श्रम प्रमाणन और इमिग्रेशन याचिका की पूरी प्रक्रिया के दौरान योग्य और हाल ही में नौकरी गंवा चुके अमेरिकी कर्मचारियों पर विचार करना होगा। इसके अलावा, जिन कंपनियों ने पिछले दो वर्षों में अमेरिकी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है, उन्हें उन्हीं या उनसे मिलते-जुलते पदों के लिए स्थायी श्रम प्रमाणन मांगने से रोकने का प्रस्ताव है।
क्या है PERM प्रक्रिया?
PERM श्रम प्रमाणन अमेरिका में विदेशी नागरिकों को स्थायी निवास यानी ग्रीन कार्ड दिलाने की प्रक्रिया का पहला चरण है। इसके तहत कंपनियों को यह साबित करना होता है कि संबंधित पद के लिए कोई योग्य, इच्छुक और उपलब्ध अमेरिकी कर्मचारी नहीं मिला है।
श्रम विभाग का कहना है कि मौजूदा नियम आज के भर्ती तरीकों के अनुरूप नहीं हैं। कुछ कंपनियां विदेशी कर्मचारियों को प्रायोजित करने वाले पदों के लिए सामान्य भर्तियों से अलग प्रक्रिया अपनाती हैं। नए प्रस्ताव का उद्देश्य इस अंतर को खत्म करना और अमेरिकी कर्मचारियों को प्राथमिकता देना है।
