Farrukhabad News:गला कसकर की गई थी वृद्धा की हत्या, खरोंच व चोटों के छह निशान मिले – The Elderly Woman Was Murdered By Strangulation; Six Marks
फर्रुखाबाद/नवाबगंज। क्षेत्र के गांव भगौरा निवासी वृद्धा की मारपीट के बाद गला कसकर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। हत्या के बाद आरोपी वृद्धा के जेवरात भी लूट ले गए थे। चोटों के छह निशान इस बात की भी गवाही रहे कि घटना के दौरान वृद्धा ने हत्यारोपियों से संघर्ष भी किया। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम भी जुटी है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव भगौरा निवासी राममूर्ति (70) सोमवार को खेत से लकड़ी लेने गई थीं। वहां उनकी दिनदहाड़े 2:30 बजे हत्या कर दी गई। पुत्र का आरोप है कि हत्यारे मां के कुंडल, नाक का फूल, पायल व उनके पास रखे छह हजार रुपये भी लूट ले गए। मंगलवार को दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
सूत्रों के मुताबिक गला कसने से मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम हाउस में वृद्धा के पुत्र रामसरन ने बताया कि लूट के लिए मां राममूर्ति की हत्या की गई। मां अपने रुपये साथ में रखती थीं। लकड़ी बांधने के लिए अंगोछा व काटने के लिए टकोरा साथ ले गई थीं। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी पहचान के हो सकते हैं, इसीलिए लूट के बाद मां को मौत के घाट उतार दिया गया।
============
देर रात तक गांव में पूछताछ करते रहे सीओ व एएसपी
वृद्धा की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड के अलावा क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, एसओजी के प्रभारी ने घटनास्थल पर जांच की। पुलिस ने महिला की हत्या का कई बार सीन दोहराया। यह भी पता चला कि घटनास्थल से 50 मीटर की दूरी पर वृद्धा का एक पुत्र ट्रैक्टर से घूरा डाल रहा था। घटनास्थल पर एक जोड़ी चप्पल टूटी मिली। पुलिस इसी चप्पल के सहारे हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का मानना है कि लूट के इरादे से हत्या हुई है तो गांव का या परिचित व्यक्ति घटना में शामिल है। हालांकि पुलिस घरेलू मामले को भी घटना से जोड़ रही है। इससे करीबियों पर भी पुलिस की नजर है।
पुलिस गांव के प्रधान, चौकीदार व मुखबिरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखे है। रात 10 बजे तक सीओ व एएसपी गांव में रहकर परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ करते रहे। सर्विलांस टीम ने दो लोगों के सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर मंगवाकर कब्जे में ली। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि घटना स्थल बिल्कुल खुले में है। दिन की घटना होने से शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। सीओ मोहम्मदाबाद आलोक सिंह ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
