झारखंड:जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन करेंगे छात्र, 5 प्रमंडलों में होगी महापंचायत – Jpsc Jssc Andolan 2 Students Protest Exam Irregularities Cbi Probe Recruitment
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में छात्र एक बार फिर सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने ‘आंदोलन 2.0’ का एलान किया है। इसके तहत राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित कर अभ्यर्थियों को एकजुट किया जाएगा। मंच ने परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
हजारीबाग से 22 नवंबर को शुरू होगा आंदोलन
आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए मंच की वर्किंग टीम की बैठक हुई। इसके बाद शाम को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में रवींद्र पासवान और पीयूष कुमार ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत 22 नवंबर को हजारीबाग से होगी। यहां पहली छात्र महापंचायत आयोजित की जाएगी।
मंच के सदस्यों ने बताया कि इससे पहले अभ्यर्थियों ने रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन किया था। अब आंदोलन को नए सिरे से आगे बढ़ाने के लिए प्रमंडल स्तर पर छात्रों को लामबंद करने का फैसला लिया गया है।
तीन महीने बाद भी मांगों पर ठोस पहल नहीं
मंच के नेताओं ने कहा कि करीब तीन महीने पहले छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार को निर्णय लेने के लिए दो महीने का समय दिया गया था। अभ्यर्थियों ने अपनी ओर से एक महीने का अतिरिक्त समय भी दिया, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई।
खाली पदों पर बहाली और सीबीआई जांच की मांग
मंच के नेताओं ने कहा कि राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में लाखों पद खाली हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी है। छात्रों का आंदोलन केवल पुरानी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि खाली पदों पर जल्द बहाली भी उनकी प्रमुख मांग है।
इसके साथ ही परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए मंच ने पूरा मामला सीबीआई को सौंपने की मांग उठाई है। मंच का कहना है कि अब छात्र पांचों प्रमंडलों में महापंचायत के जरिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
