चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रोलाहेड़ा की सरपंच रतनी देवी जाट ने चुनाव जीतने के बाद अपनी मन्नत पूरी की। जीत के बाद वे अपने पूरे परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचीं और सांवरिया सेठ को चांदी से बना कटहल भेंट किया।
बता दें कि चुनाव में उनका चिन्ह कटहल था और परिवार ने मन्नत मांगी थी कि अगर रतनी देवी जाट चुनाव जीतती हैं तो जिस चुनाव चिन्ह से जीत मिलेगी, उसी का प्रतिरूप बनाकर सांवलिया सेठ को अर्पित किया जाएगा। रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में 5 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था। मतदान के बाद देर रात तक मतगणना चली और परिणाम घोषित किया गया। इस चुनाव में रतनी देवी जाट ने 1265 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: आवारा कुत्तों के मुद्दे पर अफसरों की चुप्पी, सुप्रीम कोर्ट को हाईकोर्ट ने दी जानकारी; फैसला सुरक्षित
जीत के बाद परिवार ने इसी चिन्ह को अपनी मन्नत से जोड़ते हुए चांदी का कटहल तैयार करवाया। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर मंदिर पहुंचीं और भगवान को यह भेंट अर्पित की। इस दौरान गांव के लोगों ने भी यात्रा में शामिल होकर सरपंच के साथ सांवलिया सेठ के दर्शन किए। परिवार को सांवलिया सेठ पर हमेशा से भरोसा रहा है। जो कुछ भी मिला है, वह भगवान का आशीर्वाद है। इसी विश्वास के साथ जीत के बाद सबसे पहले मन्नत पूरी करने का फैसला लिया गया।