बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:संपत्ति में हिस्सा मांगने पर युवक की हत्या, मां और सगा भाई गिरफ्तार; 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी – In Tikamgarh, Police Have Solved A Murder Case; The Mother And Elder Brother Of The Victim Have Been Arrested
टीकमगढ़

एमपी:संपत्ति में हिस्सा मांगने पर युवक की हत्या, मां और सगा भाई गिरफ्तार; 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी – In Tikamgarh, Police Have Solved A Murder Case; The Mother And Elder Brother Of The Victim Have Been Arrested

November 18, 2026


मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बम्होरीकला थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के सगे भाई और मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को बम्होरीकला के खुशीपुरा मोहल्ला निवासी सियाराम अहिरवार ने थाने पहुंचकर अपने छोटे भाई दीप उर्फ ज्वाला सिंह अहिरवार (28) की मौत की सूचना दी थी। उसने बताया कि दीप 13 नवंबर की रात करीब 9 बजे घर से बाहर गया था। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे उसकी मां ने दरवाजा खोला तो घर के बाहर बने चबूतरे पर दीप का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद 16 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि मृतक दीप उर्फ ज्वाला सिंह संपत्ति में अपना हिस्सा मांगता था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, मां और भाई संपत्ति में हिस्सा देने से इनकार करते थे। इस बात से नाराज होकर मृतक उनके साथ गाली-गलौज करता था। इसी विवाद से परेशान होकर आरोपियों ने कथित तौर पर रस्सी का फंदा बनाकर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर 17 नवंबर को सियाराम अहिरवार (32) और उसकी मां (55), दोनों निवासी खुशीपुरा मोहल्ला, बम्होरीकला को गिरफ्तार कर लिया। 18 नवंबर को दोनों आरोपियों को जतारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। जिस परिवार में आपसी रिश्तों का सहारा होना चाहिए था, उसी परिवार के दो सदस्यों पर युवक की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X