बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सारण

बिहार:छठ के बाद बेटे को विदा कर लौट रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, दो बाइकों की टक्कर में दो युवक घायल – Bihar: Elderly Man Dies In Road Accident While Returning After Seeing Off His Son Following Chhath

November 18, 2026


सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घटना जलालपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप हुई। मृतक की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के अपहर गांव निवासी शोभन राय के रूप में हुई है।

बेटे को विदा कर घर लौट रहे थे शोभन राय

जानकारी के अनुसार, शोभन राय के चार पुत्र हैं और सभी प्रदेश में रहकर काम करते हैं। उनका छोटा बेटा कृष्णा राय दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह छठ महापर्व में शामिल होने के लिए घर आया था। बुधवार सुबह छठ पूजा संपन्न होने के बाद उसे वापस दिल्ली लौटना था। इसी सिलसिले में शोभन राय उसे विदा करने भेल्दी गए थे। वहां से उन्होंने बेटे को छपरा जाने वाली गाड़ी पर बैठाया और खुद बाइक से घर लौटने लगे।

पढे़ं: आठ हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स में मचाया आतंक; जाते-जाते बोले- फिर आएंगे

तेज रफ्तार बाइक ने सामने से मारी टक्कर

बताया जाता है कि इसी दौरान अपहर प्राथमिक विद्यालय के समीप अमनौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शोभन राय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो युवक भी घायल हो गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

परिवार में मचा कोहराम

शोभन राय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति की मौत की सूचना सुनकर पत्नी शिवकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, पुत्र उमेश राय, सुबास राय, अशोक राय और कृष्णा राय के साथ पुत्रियां तेतरी और बबीता भी बदहवास हैं। छठ महापर्व के बाद परिवार में छाई खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X