बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:बिना पंजीकरण चल रहे दो क्लीनिक व दो लैब सील – Two Clinics And Two Labs Running Without Registration Were Sealed
हाथरस

Hathras News:बिना पंजीकरण चल रहे दो क्लीनिक व दो लैब सील – Two Clinics And Two Labs Running Without Registration Were Sealed

November 18, 2026


हाथरस। जिले में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे दो क्लीनिक और दो पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया।

विभाग की अलग-अलग टीमों ने हाथरस शहर, सासनी, मुरसान और सहपऊ क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापा मारा। टीम की भनक लगते ही कई झोलाछाप क्लीनिक बंद कर मौके से भाग निकले, जिनके शटर पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।

सासनी के गांव समामई में एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने इंद्रा पैथोलॉजी लैब पर छापा मारा। जांच के दौरान लैब अपंजीकृत पाई गई और अभिलेखों से पता चला कि वहां अवैध रूप से चिकित्सकीय कार्य भी किया जा रहा था। वैध दस्तावेज न दिखाने पर एसीएमओ ने लैब को सील कर दिया।

उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. एमआई आलम ने मुरसान रोड के भगवंतपुर स्थित ओम अंबे पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। पंजीकरण और दस्तावेज न मिलने और खुलेआम चिकित्सकीय कार्य चलते पाए जाने पर इस लैब को भी सील कर दिया गया। इसके अलावा उन्होंने इगलास रोड स्थित नूर डेंटल क्लीनिक को भी बिना पंजीकरण दांतों का इलाज करते पाए जाने पर नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है।

शहर में कलेक्शन सेंटर को नोटिस

शहर में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती ने तमन्ना गढ़ी स्थित मैक्स पैथोलॉजी के कलेक्शन सेंटर पर जांच की। संचालक सेंटर के पंजीकरण से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिस पर उन्हें नोटिस जारी किया गया है।

सहपऊ के गांव आरती में एक साथ पांच ठिकानों पर कार्रवाई

डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह की टीम ने सहपऊ ब्लॉक के गांव आरती में छापा मारा। टीम ने मौके पर बंद मिले देवेश उपाध्याय, राजेंद्र और श्यामसुंदर के क्लीनिकों पर नोटिस चस्पा किए हैं। डॉ. सिंह के अनुसार, इन तीनों क्लीनिकों की दोबारा जांच की जाएगी और यदि वे फिर से बंद मिले या दस्तावेज नहीं दिखाए गए, तो संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, गांव में ही संचालित रमेश और भंडारी के क्लीनिकों पर भी टीम पहुंची। दोनों क्लीनिक बिना पंजीकरण के चलते पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध क्लीनिक व लैब संचालित नहीं होने दी जाएंगी। नोटिस का तय समय पर जवाब नहीं मिलने पर सील करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद एफआईआर भी दर्ज होगी।

-डाॅ. वेदप्रकाश, सीएमओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X