बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:47 लाख के फर्जी मटर बीज मामले में चार पर एफआईआर दर्ज, असम तक फैले नेटवर्क की जांच – Mp: Fir Registered Against Four Individuals In A Case Involving Fake Pea Seeds Worth ₹47 Lakh
छतरपुर

एमपी:47 लाख के फर्जी मटर बीज मामले में चार पर एफआईआर दर्ज, असम तक फैले नेटवर्क की जांच – Mp: Fir Registered Against Four Individuals In A Case Involving Fake Pea Seeds Worth ₹47 Lakh

November 18, 2026


छतरपुर जिले के हरपालपुर में राष्ट्रीय बीज निगम के नाम पर मटर बीज के कथित फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। बस स्टैंड के पास स्थित राजेश दाल उद्योग के गोदाम से 47 लाख रुपये से अधिक कीमत का संदिग्ध और अमानक मटर बीज जब्त किया गया था। कृषि विभाग की शिकायत पर हरपालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस फर्जीवाड़े के अंतरराज्यीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

साधारण मटर को पॉलिश कर बना रहे थे प्रमाणित बीज

प्रशासन को सूचना मिली थी कि हरपालपुर बस स्टैंड के पास राजेश दाल उद्योग के गोदाम में संदिग्ध तरीके से मटर की पैकिंग की जा रही है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन, कृषि विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा था। जांच में सामने आया कि मंडी से खरीदे गए साधारण और अमानक मटर को ग्रेडिंग और पॉलिश कर मदर अपर्णा किस्म का प्रमाणित बीज बताकर पैक किया जा रहा था।

राष्ट्रीय बीज निगम के नाम वाले बोरे, असम की फर्म के टैग मिले

गोदाम में मटर की पैकिंग के लिए राष्ट्रीय बीज निगम का नाम और लोगो छपे बोरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। बोरियों पर असम की फर्म अलनव एसोसिएट के नाम से जारी टैग भी मिले। तैयार खेप को ट्रक क्रमांक CG 10 C 5766 से असम भेजने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान करीब 47 लाख रुपये से अधिक कीमत का संदिग्ध और अमानक बीज जब्त किया गया।

गोदाम संचालक, मैनपुरी निवासी और ट्रांसपोर्टर पर कार्रवाई

कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में राजेश दाल उद्योग का संचालक राकेश गुप्ता, मैनपुरी निवासी उमेश गुप्ता, ट्रक चालक चार्ली और ट्रांसपोर्टर शेख शकील उर्फ जानू शामिल हैं।

इन चार आरोपियों के खिलाफ FIR



  1. राकेश गुप्ता पिता मुन्नालाल गुप्ता (50), निवासी हरपालपुर, संचालक राजेश दाल उद्योग।


  2. उमेश गुप्ता पिता स्वर्गीय प्रभुदयाल गुप्ता (61), निवासी अवधनगर, जिला मैनपुरी।


  3. चार्ली पिता बलबीर सिंह (30), निवासी चौका, जिला छतरपुर, ट्रक चालक।


  4. शेख शकील उर्फ जानू, ट्रांसपोर्टर।

दूसरे राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राष्ट्रीय बीज निगम के नाम से छपे बोरे और असम की फर्म के टैग आरोपियों तक कैसे पहुंचे। मंडी से खरीदे गए साधारण मटर को प्रमाणित बीज बताकर बेचने की योजना में कौन-कौन शामिल था और खेप कहां भेजी जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस संभावित अन्य आरोपियों और दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X