Etawah News:ओवरलोडिंग से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठा और ऑटो पर गिरा, महिला की मौत – Due To Overloading, The Front Part Of A Tractor Lifted Up And Fell Onto An Auto-rickshaw; A Woman Died
फोटो 08::जिला अस्पताल में बिलखतीं रुक्मणि। संवाद
फोटो 09:: मालगोदाम पर जांच करते पीटीओ विवेक सिंह। संवाद
फोटो 10:: घटना स्थल पर लगी भीड़। संवाद
-मालगोदाम गेट से निकलते समय ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठा, नीचे आते ही ऑटो से टकराया
-हादसे के बाद चालक मौके से भागा, यातायात पुलिस ने ट्रैक्टर को पकड़ा, सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने बुधवार दोपहर माल गोदाम गेट के पास ओवरलोडिंग के कारण ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा उठ गया। कुछ दूर ट्रैक्टर का ऊपर उठा हिस्सा नीचे आया तो पास से गुजर रहे ऑटो को चपेट में ले लिया। हादसे में ऑटो सवार महिला की मौत हो गई। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर निवासी रुक्मणि ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाली श्रीदेवी (60) के सीने में दर्द हो रहा था। श्रीदेवी ने उनसे मदद के लिए कहा था। बुधवार सुबह वह श्रीदेवी को लेकर आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई गई थीं। वहां से दवा लेने के बाद दोनों ऑटो से इटावा लौट रही थीं। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने मालगोदाम गेट से डीएपी खाद से लदा एक ट्रैक्टर बाहर निकल रहा था।
ट्रैक्टर पर क्षमता से अधिक खाद लदी होने के कारण उसका अगला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद जब ट्रैक्टर का अगला हिस्सा नीचे आया तो उसने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार श्रीदेवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के समय मौके पर यातायात पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने ट्रैक्टर को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौका पाकर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने घायल महिला को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल भिजवाया।
सूचना पर पुलिस और परिवहन निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलने पर पीटीओ विवेक सिंह ने मौके पर ओवरलोड डीएपी खाद लदे ट्रैक्टर की जांच की। पीटीओ ने बताया क्षमता से अधिक खाद लदे होने पर उस पर 76 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद मालगोदाम में खड़े अन्य ट्रैक्टरों की भी जांच की गई।
इस दौरान एक और ट्रैक्टर पर निर्धारित क्षमता से अधिक खाद लदी मिली। परिवहन विभाग ने उस पर 72 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों ट्रैक्टरों पर कुल 1.48 लाख रुपये की कार्रवाई की गई। ठेकेदार वीरेंद्र सिंह को सख्त हिदायत दी कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक खाद न लादी जाए। ओवरलोडिंग मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिविल लाइन जेल चौकी प्रभारी हासिक हुसैन ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर थाने भिजवा दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, परिवहन निगम ने मालगोदाम में खड़े दो ओवरलोड ट्रैक्टरों पर कुल 1.48 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
