भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ नहीं जनसमस्याओं के सवाल पर लड़ेंगे चुनाव :ऐरी – Will Contest Elections On The Issue Of Public Problems, Not Against Bjp-congress: Airy
पिथौरागढ़। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड क्रांति दल ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए मंगलवार को ऐरी संकल्प पत्र-2027 जारी किया। इसमें जनपद को शिक्षा का केंद्र बनाने, हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, स्थायी रोजगार और मूल निवासियों को प्राथमिकता, सड़क परिवहन, कृषि और स्थानीय बाजार सहित पर्यटन विकास के मुद्दे शामिल किए गए हैं।
नगर में जीआईसी रोड पर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी ने ये संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी जिलाध्यक्ष चंद्र शेखर पुनेड़ा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पिथौरागढ़ सीट से दावेदार काशी सिंह ऐरी ने संकल्प पत्र के विभिन्न बिंदुओं पर बात रखी। इस मौके पर पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि यूकेडी जनहित के बुनियादी सवालों को लेकर लोगों के बीच जाएगी। ऐरी ने कहा कि हम भाजपा या कांग्रेस के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहे बल्कि जनपद और राज्य में लंबे समय से बनी हुई जन समस्याओं को दूर करने के सवाल पर चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि संसाधनों से संपन्न भाजपा, कांग्रेस के मुकाबले वह जनता से सीधे संवाद और उनके साथ खड़े होकर इस लड़ाई को जीतेंगे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष राम सिंह, जगत सिंह मेहता, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष उषा बिष्ट, दीवान मेहता सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
ऐरी संकल्प पत्र में किए गए कई वादे
ऐरी संकल्प पत्र में जनपद का पहला राजकीय बालिका महाविद्यालय और राज्य का पहला विधि विश्वविद्यालय पिथौरागढ़ में स्थापित करने, हर न्याय पंचायत में आधुनिक मॉडल स्कूल, पिथौरागढ़ में कृषि विवि, एलएसम परिसर में प्रयोगशालाओं की बेहतरी, पिथौरागढ़ में कैंसर यूनिट और ट्रॉमा सेंटर स्थापना, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों की नियुक्ति, नियमित शुद्ध पेयजल आपूर्ति, रिक्त पदों पर समयबद्ध स्थायी भर्ती, संविदा कर्मियों का स्थायी नौकरी सहित स्वच्छता और पर्यावरण, खेल कला व संस्कृति और आपदा पुनर्वास और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर काम करने की प्रतिबद्धता जताई गई है।
–
