बिहार में भीषण सड़क हादसा:नहर में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक गंभीर – Araria Road Accident Scorpio Falls Canal Six Dead Supaul
बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। अररिया-सिकटी मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। सभी एक तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद सुपौल जिले के थुमहा गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी सात लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड के भपटियाही गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार देर रात समारोह से लौटते समय अररिया-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो सीधे नहर में जा गिरी।
जेसीबी की मदद से नहर से निकाली गई स्कॉर्पियो
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और ताराबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो नहर में डूब गई थी। इसके बाद जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस, थुमहा गांव में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
एक ही गांव के सात लोगों के साथ हुए इस हादसे ने सुपौल जिले के थुमहा गांव को गमगीन कर दिया है। तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। अररिया पुलिस ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास हुआ है।
