गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
आगरा विश्वविद्यालय:परीक्षा शुरू, समिति की बैठक ही नहीं हुई; 35 डिबार कॉलेजों को भी बना दिया केंद्र – Dbrau Exams Begin Without Examination Committee Meeting 35 Debarred Colleges Made Centres
मैनपुरी

आगरा विश्वविद्यालय:परीक्षा शुरू, समिति की बैठक ही नहीं हुई; 35 डिबार कॉलेजों को भी बना दिया केंद्र – Dbrau Exams Begin Without Examination Committee Meeting 35 Debarred Colleges Made Centres

November 19, 2026


DBRAU Exams Begin Without Examination Committee Meeting 35 Debarred Colleges Made Centres

आगरा विश्वविद्यालय
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में परीक्षा समिति की बैठक के बिना ही परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले कर दिए गए। 17 नवंबर से परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। करीब 35 डिबार महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बना दिया गया और उड़नदस्तों का गठन भी कर दिया गया, लेकिन परीक्षा समिति की बैठक नहीं हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से फैसले लेता रहा और परीक्षा समिति कागजों में ही सिमटी रही।

विश्वविद्यालय की अपनी व्यवस्था में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में परीक्षा समिति की अहम भूमिका है। 23 मई 2023 की कार्यपरिषद की बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार, केंद्र निर्धारण समिति की ओर से तैयार सूची कुलपति के माध्यम से परीक्षा समिति को भेजी जाती है। परीक्षा समिति केंद्रों का अनुमोदन करती है। इसके बावजूद इस बार करीब 35 डिबार महाविद्यालयों को केंद्र बनाने का फैसला समिति की बैठक के बिना कर दिया गया। इन महाविद्यालयों की पात्रता और पिछले रिकॉर्ड पर समिति में चर्चा तक नहीं हुई।

पिछले सत्र 2025-26 में मुख्य परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा समिति की बैठक हुई थी। इसमें केंद्र निर्धारण, डिबार महाविद्यालयों की स्थिति और परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया गया, लेकिन इस बार परीक्षा समिति की पिछली बैठक जुलाई व अगस्त के आसपास हुई थी। इसके बाद आगामी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर बैठक नहीं बुलाई गई। हैरानी यह है कि नैक ए-प्लस ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय में परीक्षाएं शुरू होने से 15 घंटे पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाते रहे।

 औटा अध्यक्ष व परीक्षा समिति सदस्य पुष्पेंद्र चौधरी ने बताया कि मुख्य परीक्षा से पहले परीक्षा समिति की बैठक बुलाई जाती है। परीक्षा समिति में चर्चा होती है कि उड़नदस्तों की टीम में कौन सदस्य होंगे। डिबार महाविद्यालय को क्या करना है लेकिन इस बार परीक्षा समिति की बैठक नहीं बुलाई गई और मुख्य परीक्षा शुरू कर दी गई, जो कि गलत है।

पूर्व परीक्षा समिति सदस्य ब्रजेश रावत का कहना है कि मुख्य परीक्षाएं नवंबर-दिसंबर 2025 में जब शुरू हुई थी उससे पहले परीक्षा समिति की बैठक हुई थी। यही नियम रहा है कि मुख्य परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा समिति की बैठक हो। वहीं परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि परीक्षा समिति की बैठक अभी नहीं हुई है अब परीक्षा समिति की बैठक बुलाई जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X