सेवाव्रत अनुष्ठान:पालिकाध्यक्ष ने 72 बेटियों के हाथ किए पीले – A Vow Of Service: Municipal Chairperson Facilitates The Weddings Of 72 Daughters
फर्रुखाबाद। सेवाव्रत अनुष्ठान के तहत पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल और पूर्व एमएलसी पति मनोज अग्रवाल ने बुधवार शाम 72 कन्याओं के हाथ पीले किए। पूर्व एमएलसी ने कहा कि बेटियों के कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं है। उनका आशीर्वाद सदैव ही उन पर रहा है।
शहर के बढ़पुर स्थित एक मैरिज लॉन में बुधवार सुबह से जिले भर से 72 बेटियों और ससुराल पक्ष के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। घराती और बरातियों के रुकने की अलग व्यवस्था की गई। शादी समारोह में अतिथि के रूप में पहुंची जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि बेटी लक्ष्मी का रूप होती हैं। उनकी कृपा से सब कुछ संभव है। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि हर माता-पिता बेटियों को अच्छे घर में पहुंचाने की कोशिश करता है। उन्हीं पिता की कोशिश में वह भी हाथ लगा देते हैं। कन्या दान करने से बड़ा पुण्यफल मिलता है। बेटियों को घरेलू उपयोग का पूरा सामान देकर विदा किया गया। जयमाल का कार्यक्रम बेहद आकर्षक रहा। वर-कन्या पक्ष के भोजन की व्यवस्था की गई। इसमें मथुरा का नगर आयुक्त एवं पालिकाध्यक्ष के दामाद ओजस्वी राज के अलावा परिवार के लोगों का खास सहयोग रहा।
