अलीगढ़ नगर निगम के जलकल विभाग के अवर अभियंता ने इंग्राहम स्कूल के निदेशक एसएन सिंह के खिलाफ थाना बन्नादेवी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें सरकारी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर अवैध रूप से जोड़ने का आरोप लगाया गया है।
अवर अभियंता राकेश कुमार ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि नगर कलार ड्रेनेज से जल निकासी के लिए पाइपलाइन डाली गई है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने खेतों की सिंचाई के लिए वेल्डिंग मशीन से छेद कर पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे वहां लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई। विभागीय निरीक्षण में सामने आया कि इंग्राहम स्कूल के मालिक एसएन सिंह ने नगर निगम की नियमानुसार अनुमति या एनओसी लिए बिना पाइपलाइन को अवैध रूप से तोड़कर व्यक्तिगत कार्य के लिए रजबहा से जोड़ लिया है।
विभाग ने इसे सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, जल प्रवाह का मार्ग बदलने, चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर कृत्य माना है। नगर आयुक्त की स्वीकृति मिलने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि इस मामले में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।