गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:अंडरपास में जलभराव, ऊपर चढ़कर एक्सप्रेसवे पार कर रहे किसान की हादसे में मौत – Farmer Dies In Accident While Crossing Expressway After Climbing Up From A Waterlogged Underpass

November 19, 2026


बिनौली। अलावलपुर रेलवे हॉल्ट के पास अंडरपास में जलभराव के चलते ऊपर से देहरादून एक्सप्रेसवे पर सड़क पार कर रहे किसान सीताराम कश्यप (75) को दिल्ली की तरफ से आई कार ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहां आए परिवार वाले शव को घर ले गए और पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।

दौझा गांव निवासी संजू कश्यप ने बताया उसके पिता सीताराम कश्यप मानसिक बीमारी से ग्रस्त थे, जिनका दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार को उसके पिता सीताराम और मां सुल्तानी दिल्ली के अस्पताल में दवाई लेने गए थे। दवाई लेकर वापस आते समय अलावलपुर रेलवे हॉल्ट पर ट्रेन से नीचे उतर गए। इसके बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के अंडरपास से गांव की तरफ जाने लगे, लेकिन वहां जलभराव होने के कारण आगे नहीं जा पाए। इसके बाद ट्रेन से उतरे सभी यात्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चढ़कर सड़क पार करने लगे।

बताया कि एक्सप्रेसवे की सड़क पार करते समय दिल्ली की तरफ से आई कार ने उसके पिता को टक्कर मार दी। वहीं मां सुल्तानी कार की चपेट में आने से बच गई। टक्कर लगते ही उसके पिता दूर जाकर गिरे, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर गांव के लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव लेकर आ गए। किसान के परिवार में पत्नी, चार बेटे, दो बेटी रह गए हैं। सीओ अंशु जैन ने हादसे की जानकारी होने से इंकार किया। उनका कहना है कि इसमें तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

-जलभराव न होता तो सीधे घर पहुंच जाते

संजू कश्यप का कहना है कि कई गांवों के लोग अलावलपुर रेलवे हॉल्ट पर उतरने के बाद अंडरपास के नीचे से अपने घर चले जाते हैं। वहां अंडरपास में काफी समय से जलभराव है, जिससे वहां कीचड़ फैली हुई है। इसकी वजह से लोगों को एक्सप्रेसवे पर चढ़कर सड़क पार करनी पड़ती है। मंगलवार को भी जलभराव के कारण 30 से ज्यादा यात्रियों को एक्सप्रेसवे पर ऊपर चढ़कर सड़क पार करनी पड़ी। इससे वहां हादसा हो गया। अगर जलभराव नहीं होता तो उसके माता-पिता सकुशल घर पहुंच जाते।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X