Baghpat News:ट्रेन में एक माह के बच्चे की तबीयत बिगड़ी, मौत – One-month-old Baby’s Health Deteriorates On Train; Dies
खेकड़ा। दिल्ली के निजी अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए जाते समय शामली के कांधला निवासी महिला सुहाना के एक महीने के बेटे की ट्रेन में अचानक हालत बिगड़ गई। खेकड़ा सीएचसी में उपचार के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
महिला सुहाना ने एक महीने पहले बेटे को जन्म दिया था। मंगलवार शाम वह परिवार की महिला के साथ बेटे को लेकर यात्री ट्रेन में सवार होकर दिल्ली के निजी अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए जा रही थी। रास्ते में सुन्हेड़ा रेलवे हाल्ट के पास सुहाना के बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। खेकड़ा स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही वह बेटे को उपचार के लिए सीएचसी में ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत का पता लगने पर उसके गमजदा परिजन भी खेकड़ा आ गए। इसके बाद परिजन अपने मृत बच्चे को लेकर वापस कांधला चले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर ने बताया कि बच्चे को जब यहां लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
