गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

नशा और साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौती :हेमराज वर्मा – Drug Abuse And Cybercrime Are The Biggest Challenges: Hemraj Verma

November 19, 2026


ऊना। डीएसपी हेडक्वार्टर हेमराज वर्मा ने कहा कि स्मार्ट फोन है तो स्मार्ट भी बनो। अच्छी आदतों को सीखो और जो सोशल मीडिया में आप बार-बार देखेंगे। वही आपकी रुचि के अनुसार आपके सामने आएगा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ विद्यालय देहलां में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में डीएसपी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में साइबर क्राइम सबके सामने बड़ी चुनौती बना है और इसमें अहम रोल आम लोगों का खुद का ही है। लोग ट्रैप में फंस रहे हैं और जो प्रलोभन दिए जा रहे हैं, उसकी गिरफ्त में आकर साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। एप को फ्री में समझकर इंस्टॉल कर रहे हैं और लापरवाही से चला रहे हैं। जिससे उनके खुद के खाते साइबर क्राइम की गिरफ्त में आकर खाली हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लिंक को ओपन न करें और किसी भी ऐसी एप को भी डाउनलोड न करें जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के बढ़ रहे चलन से दूर रहने के लिए अच्छी संगत करने का आह्वान किया और अभिभावकों से भी बच्चों पर बराबर निगरानी रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एकाग्र होकर पढ़ाई करें। ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अगर जिंदगी में चरित्र के ऊपर एक बार भी रेड लाइन लग गई तो पूरा जीवन बर्बाद होकर रह जाएगा। स्कूल प्रिंसिपल राकेश जसवाल ने अमर उजाला फाउंडेशन की पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर बच्चों से संवाद भी हुआ और उनके सवालों का बखूबी जवाब दिया गया।

सवाल: यशी शर्मा ने पूछा पुलिस विभाग में जाने की प्रेरणा कहां से मिली और यह मुकाम कैसे पाया।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने कहा कि पिता से प्रेरणा पाकर वह आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। दिन-रात मेहनत की।

सवाल: अर्शप्रीत ने पूछा, पुलिस ऑफिसर बनने के लिए क्या पढ़ाई की और यहां तक पहुंचने के लिए क्या कदम उठाए।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि पुलिस ऑफिसर बनने के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। इसके बाद आईपीएस और एचपीपीएस एग्जाम की तैयारी कर सकते हैं। फिटनेस भी ध्यान जरूर दें।

सवाल: अनिल कुमार ने पूछा, लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। फिर भी ये मामले क्यों नहीं थम रहे हैं।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि खुद को जागरूक करके की साइबर क्राइम ठगी से बचा जा सकता है। अनजान लोगों को अपनी निजी जानकारी साझा न करें और सोशल मीडिया का सीमित दायरे में ही प्रयोग करें।

सवाल: अमृतपाल ने पूछा, पुलिस विभाग में सबसे उच्च पद कौन सा होता है और ऐसे पदों पर कैसे पहुंचा जा सकता है।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि डीजीपी पद पुलिस विभाग में सबसे ऊंचा पद होता है। आईपीएस का कमीशन पास करके चरणवद्ध तरीके से उच्च पद पर पहुंचा जा सकता है।

सवाल: स्मित कौर ने पूछा नशे के बारे में सरकार जागरूक कर रही है। सरकार नशे को खत्म करने के लिए उसको बनना ही बंद करे। तभी समाज से नशा खत्म होगा और समाज नशा मुक्त होगा।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि नशे को आमजन और सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक सहयोग से बढ़ने से रोका जा सकता है। नशे को न बनाने जैसे कदम सरकार ही उठा सकती है।

सवाल: इशिता ने पूछा, रोड सेफ्टी के लिए मुख्य नियम क्या होते हैं।

जवाब : डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि रोड सेफ्टी के लिए मुख्य नियमों में बिना लाइसेंस के वाहन न चलाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन जुर्म है। परिजन नाबालिग को वाहन चलाने के लिए न दें। ट्रैफिक नियमों की पालना करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X