गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:बुरहानपुर में चोरों का आतंक, एक रात में सात दुकानों के ताले तोड़ तीन लाख से ज्यादा की नकदी उड़ाई – Thieves Strike 7 Shops In Burhanpur: Over ₹3 Lakh Stolen In One Night, Police Patrolling Under Scanner
बुरहानपुर

एमपी:बुरहानपुर में चोरों का आतंक, एक रात में सात दुकानों के ताले तोड़ तीन लाख से ज्यादा की नकदी उड़ाई – Thieves Strike 7 Shops In Burhanpur: Over ₹3 Lakh Stolen In One Night, Police Patrolling Under Scanner

November 19, 2026


बुरहानपुर शहर के लालबाग थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में सात दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मंडी क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखी तिजोरियों से 3 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ली। एक साथ सात दुकानों में हुई चोरी की इस वारदात से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक सात दुकानों के ताले तोड़े। इसके बाद दुकानों के अंदर रखी तिजोरियों को निशाना बनाया और उनमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

तीन-चार साल से लगातार हो रही चोरियां, व्यापारियों में नाराजगी

व्यापारी मनीष सोनवाने ने बताया कि मंडी क्षेत्र में पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। एक ही रात में सात दुकानों को निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

एडिशनल एसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि पुलिस चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया माल व्यापारियों को वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, व्यापारी रामकुमार पंजवानी ने मंडी क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।

एक ही रात में शहर के बीचोंबीच सात दुकानों के ताले टूटने और लाखों रुपये की नकदी चोरी होने से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी चाहिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X