Hamirpur News:सात माह में 164 मिले निमोनिया पीड़ित, तीन की गई जान – 164 Cases Of Pneumonia Reported In Seven Months; Three Lives Lost
हमीरपुर। सर्दी की दस्तक के साथ अस्पतालों में बच्चों की भीड़ बढ़ने लगी है। बुखार-खांसी आम बात है लेकिन इस बार डॉक्टरों को सबसे ज्यादा निमोनिया डरा रहा है जो बिना बुखार और खांसी के आ रहा है। बीते सात माह में 164 निमोनिया पीड़ित मिले हैं। इनमें तीन मासूमों की इलाज के दौरान मौत हो गईं। हर माह 35 से 40 बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में बुधवार को 549 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें 283 पुरुष, 199 महिला और 67 बालरोगी शामिल रहे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष निरंजन के अनुसार, इस बार साइलेंट निमोनिया के मामले ज्यादा आ रहे हैं। हर दिन पांच से छह मामले उनकी ओपीडी में आते हैं। वार्ड में पांच बच्चे भर्ती हैं। दो गंभीर बच्चों को रेफर किया गया है। इसमें शुरुआत में न तो तेज बुखार आता है और न ही लगातार खांसी। बच्चा दूध पीना कम कर देता है और थोड़ा सुस्त हो जाता है। कभी-कभी सांस लेने में हल्की तेजी आ जाती है। यही वह संकेत हैं, जिन्हें माता-पिता ठंड या थकान समझकर टाल देते हैं।
दो साल से कम उम्र के बच्चों पर ज्यादा खतरा
चिकित्सकों का कहना है कि पांच साल से कम, खासकर दो साल से कम उम्र के बच्चे, समय से पहले पैदा हुए बच्चे, कम वजन वाले बच्चे और जिनका टीकाकरण अधूरा है, उनमें निमोनिया का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। बच्चे को ठंडी हवा और भीड़ से बचाएं। मां का दूध छह महीने तक सबसे बड़ी सुरक्षा है। पीसीवी और अन्य टीके समय पर लगवाएं। बच्चे को गर्म कपड़े पहनाएं। हाथों की सफाई और घर में हवादार माहौल रखें।
इन्हें न करें नजरअंदाज
-सांस का तेज चलना, पसलियों का चलना।
-दूध पीना कम करना या मना करना।
-लगातार सुस्ती, रोना या चिड़चिड़ापन।
-होंठ या नाखूनों का नीला पड़ना।
सात माह में मिले निमोनिया पीड़ित
माह – कुल भर्ती – निमोनिया पीड़ित – मौत – रेफर
अप्रैल – 1183 – 29 – 00 – 222
मई – 1231 – 28 – 00 – 252
जून – 1272 – 19 – 00 – 299
जुलाई – 1181 – 08 – 00 – 309
अगस्त – 1235 – 16 – 00 – 337
सितंबर – 1430 – 27 – 01 – 272
अक्तूबर – 1242 – 37 – 02 – 423
मौसम बदलते ही निमोनिया के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इलाज से आसान निमोनिया से बचाव है। अभिभावकों को बचाव की सलाह दी जाती है। गंभीर रोगियों को ही रेफर किया जाता है।-डॉ. आरएस प्रजापति, सीएमएस जिला अस्पताल।
