बदायूं जिले में सहकारी चीनी मिल प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। शीरा के दो टैंकरों को खाली कराए बिना ही 15 नवंबर को पूजन कराकर पेराई सत्र का उद्घाटन करा दिया। जबकि चार दिन बाद मिल से शीरा की सफाई नहीं हुई। इससे मिल का संचालन शुरू नहीं हुआ। अधूरी तैयारियों के बीच मिल चालू होने और गांवों में अनाउंसमेंट कराने से बड़ी संख्या में किसान गन्ना लेकर पहुंच गए। चार दिन से मिल गेट पर गन्ना लदी सवा सौ ट्रालियां खड़ी हैं। गन्ने की तौल न होने से किसान परेशान हैं। मिल का पेराई सत्र शुरू होने में कई दिन और लगने की बात कही गई है।
किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन ने बिना पूरी तैयारी के ही शुभारंभ कर दिया। गन्ना पहुंचाने का अनाउंस सुनकर किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिल गेट पहुंच गए, लेकिन मिल न चलने के कारण गन्ने की तौल भी नहीं की जा रही है। मिल गेट पर गन्ना लदी सैकड़ों ट्रॉलियां कतार में खड़ी हैं। किसान चार दिन से मिल के चक्कर लगा रहे हैं। न तौल हो रही है, न ही प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब मिल रहा है।
किसान भीष्म सिंह ने बताया कि तौल न होने से गन्ना सूखने और वजन घटने का डर किसानों को सता रहा है। ट्रॉली खड़ी होने से खेतों में अन्य काम भी अटके पड़े हैं। किसानों ने मांग की है कि मिल प्रबंधन जल्द पेराई शुरू करे या स्पष्ट तिथि बताए, जिससे किसानों को बार- बार मिल के चक्कर न लगाने पड़े। किसानों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।