Kaithal News:डेंगू के दो नए मरीज मिले, जिले में 22 पहुंची संख्या – Two New Cases Of Dengue Reported, 22 Cases In The District
कैथल। जिले में डेंगू के दो नए मामले सामने आए हैं। मंगलवार को मिले दोनों संक्रमितों में एक जनकपुरी कॉलोनी और दूसरा महाराजा अग्रसेन कॉलोनी का रहने वाला है। इसके साथ ही जिले में इस सीजन में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 22 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 11 सैंपल जांच के लिए एकत्रित किए गए।
वहीं डेंगू के दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जांच गतिविधियां जारी रखी हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक डेंगू जांच के लिए 1370 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। इस साल अब तक जिले में चिकनगुनिया के तीन मामले भी सामने आ चुके हैं, जबकि मलेरिया का कोई मामला नहीं मिला है।
विभाग की ओर से मच्छरों की रोकथाम के लिए घरों और अन्य स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को 10354 घरों और 20571 पानी के कंटेनरों की जांच की गई। इनमें 30 स्थानों पर मच्छरों का लार्वा मिला। इस दौरान 30 चालान व नोटिस जारी किए गए।
4242 चालान व नोटिस जारी किए जा चुके
जिले में अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से 4242 चालान व नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी 602 तालाबों में गंबूजिया मछलियां भी छोड़ी गई हैं। अभियान में शहरी क्षेत्र की 36 और ग्रामीण क्षेत्र की 244 टीमें जुटी हुई हैं।
उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि ये महीना एडीज मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल है। ऐसे में मच्छरों से बचाव बहुत जरूरी है। उन्होंने फुल बाजू के कपड़े पहनने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सीय सलाह लेने की अपील की है।
