Kurukshetra News:देवउठनी एकादशी के साथ चार माह के चातुर्मास का होगा समापन – Devutthani Ekadashi Will Mark The Conclusion Of The Four-month Period Known As Chaturmas
कुरुक्षेत्र। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी 20 नवंबर, शुक्रवार को सिद्धि योग के विशेष संयोग में मनाई जाएगी। इसके अगले दिन 21 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा।
देवउठनी एकादशी के साथ ही चार माह से चल रहे चातुर्मास का समापन होगा और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों का सिलसिला दोबारा शुरू हो जाएगा। ज्योतिषाचार्य रामराज कौशिक ने बताया कि भगवान विष्णु आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दौरान विवाह और अन्य मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। इसे देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। पंडित बलराज के अनुसार एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। सामान्य गृहस्थ परंपरा में व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा, जबकि वैष्णव परंपरा में 21 नवंबर को भी व्रत का विधान है।
भगवान विष्णु को जगाने के लिए 20 नवंबर को शाम 5:26 से 5:52 बजे तक गोधूलि बेला शुभ रहेगी। पंडित दीपेंद्र आचार्य ने बताया कि इस दिन शंख और घंटियां बजाकर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाया जाता है। इसके बाद पंचामृत से स्नान कराकर पूजा-अर्चना और मौसमी फलों व गन्ने का भोग लगाया जाता है।
पंडित उमेश शास्त्री ने बताया कि 21 नवंबर को द्वादशी तिथि पर तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। इस दिन शाम 5:25 से 5:52 बजे तक गोधूलि बेला में विवाह कराना शुभ माना गया है। मान्यता है कि तुलसी विवाह से घर में सुख-समृद्धि आती है।
