Bilaspur News:बरठीं को बस अड्डे का इंतजार, 700 दुकानों वाले बाजार में सुविधाओं का अभाव – Barthin Awaits A Bus Stand; Market With 700 Shops Lacks Basic Amenities
25 पंचायतों के हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं बाजार, सड़क किनारे खड़ी होती हैं बसें
शौचालय और निकासी नालियों की व्यवस्था भी बदहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बरठीं बाजार करीब 70 साल का सफर तय करने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। करीब 700 दुकानों वाले इस बाजार में आज तक बस अड्डे की सुविधा विकसित नहीं हो पाई है। ऐसे में बसें सड़क किनारे ही खड़ी होती हैं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, सार्वजनिक शौचालय की उचित व्यवस्था न होने और निकासी नालियां बंद रहने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। बरठीं बाजार आसपास की करीब 25 पंचायतों के हजारों लोगों की जरूरतें पूरी करता है। यहां लोग खरीदारी के अलावा बैंकिंग और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। पुराने व्यापारियों के अनुसार, बाजार की शुरुआत करीब 70 साल पहले महज आठ से दस दुकानों से हुई थी। समय के साथ आबादी बढ़ने और कारोबार के विस्तार के चलते यहां दुकानों की संख्या करीब 700 तक पहुंच गई है। हालांकि, बाजार का दायरा बढ़ने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का विकास उस अनुपात में नहीं हो पाया है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बस अड्डा न होने के कारण बसों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और यात्रियों को बसों में चढ़ने-उतरने में भी परेशानी होती है। बाजार में सार्वजनिक शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं, निकासी नालियां बंद रहने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे दुकानदारों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
व्यापारी राजेश गौतम, संजू, कुलवंत, रमेश और राजेश ने कहा कि बरठीं बाजार में लंबे समय से बस अड्डे की जरूरत महसूस की जा रही है। यहां बस अड्डे का निर्माण होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और बाजार में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। स्थानीय लोगों ने बाजार में सार्वजनिक शौचालय और निकासी नालियों सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है।
ग्राम पंचायत बरठीं के उपप्रधान राकेश मेहता ने बताया कि इस समस्या को लेकर उपायुक्त से बातचीत की गई है। बड़गांव चौक के पास बस अड्डे की व्यवस्था की गई है। जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा और बसें वहीं खड़ी होंगी। इससे बरठीं बाजार में सड़क किनारे बसें खड़ी होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
