शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पौड़ी

Pauri News:भागीरथी-गंगा की लहरों पर शुरू हुई 18वीं राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप – 18th National Rafting Championship Begins On The Waves Of The Bhagirathi-ganga

November 19, 2026


17 टीमें करेंगी प्रतिभाग, विजेता टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएगी दमखम

पहले दिन स्प्रिंट की 300 मीटर प्रतियोगिता हुई

संवाद न्यूज एजेंसी

देवप्रयाग। भागीरथी और गंगा नदी की तेज लहरों के बीच 18वीं राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ यूनाइटेड राफ्टिंग के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और एशिया के अध्यक्ष शौकत सिकंद ने किया। पहले दिन स्प्रिंट की 300 मीटर प्रतियोगिता हुई। तीन दिनों तक चलने वाली इस रोमांचक चैंपियनशिप में स्प्रिंट, 300 मीटर, सलालम और आरएक्स की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें देशभर से रिकॉर्ड 17 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी।

शौकत सिकंद ने बताया कि प्रतियोगिता में इंडियन आर्मी, आईटीबीपी, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक सहित कई प्रमुख टीमें पुरुष, महिला और मिक्स्ड वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। इस चैंपियनशिप की विजेता टीमें अगले वर्ष होने वाली विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में अरुणाचल प्रदेश में होने वाली एशियन चैंपियनशिप, तुर्की में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप, केन्या में होने वाला वर्ल्ड कप और चेक रिपब्लिक में होने वाली अंडर-21 प्रतियोगिता शामिल है। उन्होंने खुशी जताई कि इस बार पंजाब से युवा लड़कियों की एक नई टीम भी पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से चुनी गई सर्वश्रेष्ठ टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतकर नाम रोशन करेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X