Prayagraj News:सड़कों की मरम्मत में 19 करोड़ रुपये स्वाहा, फिर भी हिचकोले खा रहे वाहन – 19 Crore Squandered On Road Repairs, Yet Vehicles Still Endure A Bumpy Ride
बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की पैचिंग का काम नगर निगम की तरफ से लगभग पूरा हो गया है। जिसमें करीब पांच करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मगर फिर भी शहर की कई सड़कें बदहाल बनी हुई हैं। इस सड़कों के गड्ढों में गाड़ियां हिचकोले खा रही हैं। इनमें नवाब युसुफ रोड में हाईकोर्ट पानी टंकी से लेकर वाल्मीकि चौराहा तक, मेडिकल चौराहे से रामबाग आरओबी तक, पत्रिका चौराहा, खुल्दाबाद सहित कई अन्य मार्ग की सड़कें अभी भी उधड़ी हुई हैं।
इन सड़कों पर छोटे-बड़े गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। यहां तक कि गड्ढों से खुद को बचाने के लिए लोग आड़ा-तिरछा वाहन निकालते हैं, जिससे जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। खासतौर से स्कूल छूटने पर इन सड़कों से होकर गुजरना टेढ़ी खीर है। बता दें कि नगर निगम की फाइलों में दशहरा से पहले शहर की करीब 100 किलोमीटर की सड़क पर पैचअप कार्य किया गया है।
हिम्मतगंज, चौफटका, पुलिस लाइन, नवाब युसुफ रोड, हनुमान मंदिर चौराहा, हॉट स्टेप के पास, राजरूपपुर व करबला सहित कई ऐसे मार्गों पर पैचिंग कार्य किए गए हैं। मगर कई जगह पैचिंग कार्य को आधे-अधूरे तरीके से किया गया है।
पैचिंग कार्य अभी भी चल रहे हैं। इनमें नवाब युसुफ रोड सहित कई अन्य मार्गों की पैचिंग 24 घंटे के भीतर कर दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम भी नगर निगम ही करेगा। इसके अलावा लाउदर रोड से लेकर रामबाग आरओबी के नीचे की पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। जिसमें सीवर का कार्य भी होना है। नगर निगम की तरफ से इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया है। सीलम साई तेजा, नगर आयुक्त
