बिहार:छठ घाट से लौट रही नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, वैशाली में ननिहाल से पकड़ा गया – Muzaffarpur Bihar News :accused Of Abuse Of Minor Student Arrest
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में छठ महापर्व के दौरान ननिहाल आई एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता उत्तराखंड में रहकर पढ़ाई करती है और छठ मनाने के लिए अपने ननिहाल आई थी। आरोप है कि उषा अर्घ्य के दिन घाट से लौटते समय कपड़े रखने के बहाने उसे घर बुलाया गया, जहां आरोपी ने उसे अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी को सरैया पुलिस ने 48 घंटे के भीतर वैशाली जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
छठ घाट से लौटते समय हुई वारदात
घटना छठ पूजा के उषा अर्घ्य वाले दिन की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा घाट से लौट रही थी। इसी दौरान उसकी नानी और आरोपी की मां ने अपने भीगे हुए कपड़े उसे घर पर रखने के लिए दिए। छात्रा पहले अपनी नानी के घर पहुंची और उनके कपड़े रख दिए। इसके बाद वह आरोपी की मां के कपड़े रखने उसके घर चली गई।
घर में अकेला पाकर कमरे में किया बंद
आरोप है कि घर के अंदर मौजूद अंकित कुमार ने छात्रा को अकेला पाकर पकड़ लिया और कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता के परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस से शिकायत की गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की छापेमारी
मामले की सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई।
वैशाली में ननिहाल से गिरफ्तार हुआ आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के बाद फरार अंकित कुमार वैशाली जिले के हरिलोचनपुर सुखी थाना क्षेत्र के लखनीपुर मौदा गांव स्थित अपने ननिहाल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई।
एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर ने गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी थी। साक्ष्य जुटाने और प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी कार्रवाई के दौरान उसे वैशाली जिले में उसके ननिहाल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। नाबालिग पीड़िता से जुड़े इस संवेदनशील मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले से संबंधित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
