शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:सड़क हादसों में किसान समेत दो की मौत, तीन बहनों का इकलौता भाई भी नहीं रहा – Two People, Including A Farmer, Died In Road Accidents; The Only Brother Of Three Sisters Also Lost His Life

November 19, 2026


– पाली में टूरिस्ट बस ने सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय किसान को मारी टक्कर

– मॉल ऑफ फरीदाबाद के पास सड़क पर खड़ी सफाई मशीन से टकराई बाइक

– एक नंबर बाजार में कपड़ों की दुकान लगाते थे बांके, तीन बहनों के थे इकलौते भाई

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। पाली गांव में निजी अकादमी में पढ़ रहे अपने दोनों बेटों से मिलने आए 55 वर्षीय किसान उमेश यादव को तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने टक्कर मार दी। वहीं, मॉल ऑफ फरीदाबाद के पास सड़क पर बिना संकेतक और बैरिकेडिंग के खड़ी खराब रोड सफाई मशीन से मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में बाइक चालक बांके की मौत हो गई। दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार के मधुबनी जिले के कलरीपट्टी गांव निवासी उमेश यादव 18 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे पाली गांव स्थित सुखोई अकादमी में पढ़ रहे अपने दोनों बेटों से मिलने आए थे। उनके बड़े बेटे ईश्वर दयाल 11वीं और छोटे बेटे सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं। उमेश गांव में खेती करते थे। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। ईश्वर दयाल ने पुलिस को बताया कि पिता उनसे और छोटे भाई से मिलने के बाद घर लौट रहे थे। अकादमी के सामने सड़क पार करते समय बल्लभगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आई टूरिस्ट बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। राहगीरों की मदद से उमेश को धौज स्थित अल्फलाह मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डबुआ थाना पुलिस ने 19 नवंबर को बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

सफाई मशीन से टकराकर तीन बहनों के भाई की मौत-

दूसरा हादसा 18 नवंबर की रात करीब 12 बजे मॉल ऑफ फरीदाबाद के पास हुआ। एनआईटी-2 निवासी चंद्रप्रकाश महदीरत्ता ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त रवि अरोड़ा के साथ भोजनालय में खाना खा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर खड़ी रोड सफाई मशीन के पास से टक्कर की आवाज आई। दोनों मौके पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल मशीन के पीछे टकराई हुई थी और चालक नीचे गिरा पड़ा था। चंद्रप्रकाश और उनके दोस्त ने राहगीरों की मदद से घायल चालक को बीके अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें सूचना मिली कि चालक बांके की मौत हो गई है। बांके एक नंबर बाजार में कपड़ों की दुकान लगाते थे और तीन बहनों के इकलौते भाई थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सफाई मशीन खराब हालत में सड़क पर खड़ी थी। अंधेरे में वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए उसके पीछे कोई संकेतक, कोन या बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। कोतवाली थाना पुलिस ने मशीन के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमि की दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X