शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:चिट्टा बरामदगी मामले में आरोपी को मिली जमानत – Accused Granted Bail In ‘chitta’ (synthetic Drug) Seizure Case

November 19, 2026


विशेष न्यायाधीश-द्वितीय की अदालत ने एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर रिहाई के दिए आदेश

गवाहों से संपर्क करने और देश छोड़ने पर लगाई रोक

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। स्वारघाट थाना में दर्ज 8.4 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में विशेष न्यायाधीश-द्वितीय की अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी है। पुलिस ने 23 अक्तूबर 2026 को नाकाबंदी के दौरान कार से चिट्टा बरामद किया था। अदालत ने पाया कि बरामद मादक पदार्थ की मात्रा छोटी मात्रा से अधिक और व्यावसायिक मात्रा से कम है। ऐसे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 37 की दोहरी शर्तें लागू नहीं होतीं।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी को झूठे मामले में फंसाया गया है। जांच पूरी हो चुकी है और कोई बरामदगी शेष नहीं है। वहीं, सरकारी पक्ष ने आरोपी के खिलाफ एक अन्य एनडीपीएस मामला दर्ज होने का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया।

अदालत ने कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन अन्य मामले में दर्ज होना मौजूदा मामले में दोष साबित नहीं करता। हेरोइन जब्त हो चुकी है और एसएफएसएल जुंगा की रिपोर्ट भी मिल चुकी है। ऐसे में मुकदमे के निपटारे तक आरोपी को हिरासत में रखने का कोई उपयोगी उद्देश्य नहीं है।

अदालत ने एक लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के जमानती पर रिहाई के आदेश दिए। आरोपी के देश छोड़ने, गवाहों को प्रभावित करने और दोबारा इसी तरह के अपराध में संलिप्त होने पर रोक लगाई गई है। शर्तों का उल्लंघन करने पर जमानत रद हो सकती है। फैसला 19 नवंबर को सुनाया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X