Rajouri News:जीएमसी राजोरी में प्रसव के बाद महिला की मौत – Woman Dies After Childbirth At Gmc Rajouri
राजोरी। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में वीरवार शाम को प्रसव के बाद एक गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान समरीन नवाज पत्नी सद्दाम हुसैन, निवासी हस्योट, थन्नामंडी के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और ड्यूटी पर तैनात अन्य स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार समरीन नवाज को प्रसव के लिए बुधवार शाम जीएमसी में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन (सीजेरियन) के माध्यम से उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार प्रसव के बाद महिला का रक्तस्राव बंद नहीं हुआ और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बताया गया है कि वीरवार को डॉक्टरों को महिला का गर्भाशय निकालने (हिस्टेरेक्टॉमी) का फैसला लेना पड़ा, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर हालत के चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि सीजेरियन के बाद महिला की उचित देखभाल नहीं की गई और उसे कथित तौर पर भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार और निगरानी की जाती तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी। परिवार ने पूरे मामले की तत्काल उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।
जीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. एएस भाटिया ने कहा कि महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए पुरे एसओपी को फॉलो करने के बाद महिला का गर्भाशय निकाला गया और डॉक्टरोे के हर सम्भव प्रयास के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका, लापरवाही की बात गलत है। संवाद
