महाराणा प्रताप के स्वाभिमान और शौर्य की गाथा युगों तक रहेगी अमर :ब्रजभूषण शरण सिंह – The Saga Of Maharana Pratap Self-respect And Valor Will Remain Immortal For Ages To Come
धौलाना। साठा चौरासी की ऐतिहासिक वीरभूमि के गांव नंदपुर में बृहस्पतिवार को वीर शिरोमणि हिंदुआ सूर्य महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया गया। पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने प्रतिमा का अनावरण करते हुए महाराणा प्रताप को राष्ट्र का महानायक बताते हुए पुष्प अर्पित किए। कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, पराक्रम, आत्मसम्मान और राष्ट्रनिष्ठा की ऐसी अमिट गाथा है, जो युगों-युगों तक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि आज सत्य, सनातन, धर्म, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के लिए राष्ट्रनायकों के आदर्शों को आत्मसात करना आवश्यक है। ग्राम नंदपुर में जयप्रकाश सिंह सिसौदिया की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिस समाज की जड़ें अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों से जुड़ी रहती हैं, उसकी अस्मिता और स्वाभिमान कभी कमजोर नहीं पड़ सकते।
राष्ट्रनायकों का सम्मान किए बिना वर्तमान पीढ़ी को गौरवशाली भविष्य की दिशा नहीं दी जा सकती। जब-जब स्वाभिमान के लिए संघर्ष, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की चर्चा होगी, तब-तब महाराणा प्रताप का नाम पूरी गरिमा के साथ स्मरण किया जाएगा। उनका व्यक्तित्व केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना का जीवंत प्रतीक है।
प्रताप थे, प्रताप हैं और प्रताप सदैव रहेंगे। लघु मेवाड़ के नाम से विख्यात साठा चौरासी के वीरों ने प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर आजादी के आंदोलन और देश की सीमाओं की रक्षा तक अपने अदम्य साहस एवं राष्ट्रनिष्ठा का परिचय दिया है।
भाजपा विधायक धर्मेश तोमर ने कहा कि साठा चौरासी की जनता ने देश की दिशा और दशा को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह वीर सपूतों की पावन धरती है, जहां राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा गया और मातृभूमि की आन-बान-शान के लिए बलिदान देने की गौरवशाली परंपरा रही है।
लोकगायक व साठा चौरासी विकास मंच सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक उपेंद्र राणा ने अपनी रागिनियों में मेवाड़ वंश की गौरवशाली परंपरा और इतिहास का गुणगान करते हुए मेवाड़ की ऐतिहासिक अस्मिता, बलिदानी परंपरा और महाराणा प्रताप के राष्ट्रीय व्यक्तित्व का जमकर गुणगान किया।
इस अवसर पर समारोह में अभिनेत्री स्वाति चौहान, साठा चौरासी विकास मंच अध्यक्ष सुबोध सिसौदिया, अजीत तोमर, दिग्विजय सिसौदिया, नरेंद्र सिसोदिया, गिरीश तोमर, मोहित पुंडीर समेत अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
