शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नियुक्तियां रद्द:बिहार विधान परिषद् के 50 पदों पर हुई नौकरियां गईं; नौकरी पाने वालों ने धांधली साबित की – Bihar Legislative Council Recruitment Cancelled 52 Deo Clerk Personal Assistant Posts
पटना

नियुक्तियां रद्द:बिहार विधान परिषद् के 50 पदों पर हुई नौकरियां गईं; नौकरी पाने वालों ने धांधली साबित की – Bihar Legislative Council Recruitment Cancelled 52 Deo Clerk Personal Assistant Posts

November 20, 2026


सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बिहार से भर्ती से जुड़ी अहम खबर है। बिहार विधान परिषद सचिवालय ने तीन अलग-अलग पदों पर निकाली गई 52 रिक्तियों की भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। हैरानी की बात यह है कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा और अन्य चरणों के बाद अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थी अनिवार्य स्किल टेस्ट देने ही नहीं पहुंचे। डाटा एंट्री ऑपरेटर, निम्न वर्गीय लिपिक और निजी सहायक के पदों के लिए कुल 50 अभ्यर्थियों को व्यावहारिक दक्षता जांच में शामिल होना था, लेकिन कोई भी उपस्थित नहीं हुआ।

52 पदों पर होनी थी नियुक्ति

बिहार विधान परिषद सचिवालय ने विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर, निम्न वर्गीय लिपिक और निजी सहायक के पदों पर भर्ती निकाली थी। तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 52 पदों पर नियुक्तियां होनी थीं। चयन प्रक्रिया के तहत अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित अभ्यर्थियों को हिंदी और अंग्रेजी टंकण तथा आशुलिपि दक्षता जांच में शामिल होना था। लेकिन निर्धारित तारीखों पर एक भी अभ्यर्थी व्यावहारिक दक्षता जांच देने नहीं पहुंचा। इसके बाद सचिवालय ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का आदेश जारी कर दिया।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों पर कोई अभ्यर्थी नहीं पहुंचा

डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35 पदों के लिए 33 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया था। इन सभी को 18 नवंबर 2026 को हिंदी और अंग्रेजी टंकण दक्षता जांच के लिए बुलाया गया था। हालांकि, निर्धारित तारीख पर एक भी अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुआ। इस कारण सचिवालय ने डाटा एंट्री ऑपरेटर के सभी 35 पदों की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर दी।

क्लर्क के 10 और निजी सहायक के 7 पद भी रद्द

निम्न वर्गीय लिपिक यानी लोअर डिवीजन क्लर्क के 10 पदों के लिए 10 अभ्यर्थी अंतिम रूप से सफल घोषित किए गए थे। इन्हें भी 18 नवंबर 2026 को टंकण दक्षता जांच में शामिल होना था, लेकिन इनमें से कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा।

वहीं, निजी सहायक के सात पदों के लिए सात अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। उनकी हिंदी आशुलिपि दक्षता जांच 4 और 18 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई थी। इन दोनों तारीखों पर भी कोई अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद निजी सहायक के सात पदों की चयन प्रक्रिया भी रद्द कर दी गई।

नियमावली के तहत 50 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित

बिहार विधान परिषद सचिवालय (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियमावली, 2018 के प्रावधानों के तहत व्यावहारिक दक्षता जांच में शामिल होना अनिवार्य था। निर्धारित जांच में अनुपस्थित रहने के कारण सभी 50 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया। उप सचिव नवीन कुमार मिश्र के आदेश से तीनों नियुक्ति प्रक्रियाओं को रद्द किया गया है। सचिवालय की ओर से संबंधित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर इसकी सूचना भी भेज दी गई है।

अब 52 पदों की पूरी भर्ती प्रक्रिया समाप्त

इस आदेश के बाद विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर के 35, निम्न वर्गीय लिपिक के 10 और निजी सहायक के सात पदों की भर्ती प्रक्रिया समाप्त हो गई है। यानी कुल 52 पदों पर अब इस चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्ति नहीं होगी। गौरतलब है कि तीनों पदों के लिए अंतिम परीक्षाफल में कुल 50 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे, लेकिन अनिवार्य स्किल टेस्ट में शामिल नहीं होने के कारण सभी अयोग्य हो गए।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल इन पदों के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम परीक्षाफल में सफल घोषित कर दिया गया था और वे चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंच चुके थे। लेकिन, परीक्षा में धांधली के आरोप उठने के बाद जब अनिवार्य व्यावहारिक दक्षता जांच की बारी आई तो एक भी अभ्यर्थी इसमें शामिल होने नहीं पहुंचा। डाटा एंट्री ऑपरेटर, निम्न वर्गीय लिपिक और निजी सहायक के पदों के लिए सफल घोषित सभी 50 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जिस परीक्षा में सफल होकर वे नियुक्ति की दहलीज तक पहुंचे थे, उसी के अगले अनिवार्य चरण से दूरी बनाने के कारण उनकी सफलता संदेह के घेरे में आ गई। अब सभी की अनुपस्थिति के चलते इसे धांधली मानते हुए पूरे परीक्षाफल को रद्द किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X