हिमाचल विधानसभा:लोकनिर्माण और शिक्षा विभाग में 19-19 हजार से अधिक पद रिक्त, पंचायत सचिवों का नहीं होगा विलय – Himachal Assembly: Over 19,000 Posts Each Remain Vacant In The Public Works And Education Departments
हिमाचल में जनवरी 2023 से जुलाई 2025 के बीच प्रदेश के 46 से अधिक विभागों, बोर्डों और निगमों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हुए हैं। लोक निर्माण विभाग में सर्वाधिक 19,457 पद खाली हुए, जबकि स्कूली शिक्षा विभाग में 13,182 और उच्चतर शिक्षा विभाग में 6,021 पद रिक्त दर्ज किए गए। पुलिस विभाग में 3,822, पशुपालन में 2,009 तथा राजस्व विभाग में 1,946 पद खाली हुए। इसके अलावा बिजली बोर्ड में 1,436 और वन विभाग में 1,400 पद रिक्त रहे। भाजपा विधायक जीत राम कटवाल के सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री ने सरकारी विभागों में रिक्त पदों, नई भर्तियों और स्वरोजगार योजनाओं का ब्यौरा सदन में रखा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रिक्तियों के साथ विभिन्न विभागों में नियमित और अनुबंध आधार पर भर्तियां भी की गईं। स्कूली शिक्षा में 4,294, उच्चतर शिक्षा में 1,029 और राज्य विद्युत बोर्ड में 1,449 नियुक्तियां हुईं। एचआरटीसी, स्वास्थ्य, जल शक्ति और अन्य विभागों में भी कर्मचारियों की भर्ती की गई। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 3,373 लाभार्थियों को 594.73 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया, जबकि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से 4,982 युवाओं को लाभ मिला। इसके अलावा स्टार्टअप, उद्यान और मत्स्य पालन योजनाओं के माध्यम से भी युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
